जनगणना-2027 के द्वितीय चरण हेतु फील्ड ट्रेनर्स के प्रथम दो बैचों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण का समापन
आजमगढ़, 07 अक्टूबर(आर एन एस)जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या की गणना) के सफल एवं सुचारू संचालन हेतु जनपद आजमगढ़ में चयनित फील्ड ट्रेनर्स के प्रथम दो बैचों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।प्रशिक्षण के समापन अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/जिला जनगणना अधिकारी तथा अपर जिला जनगणना अधिकारी/DIO NIC द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित किया गया। अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी एवं तकनीकी दक्षता का उपयोग आगामी चरण में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रभावी प्रशिक्षण प्रदान करने में करने हेतु निर्देशित किया गया।तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना-2027 के द्वितीय चरण से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं, मोबाइल एप्लीकेशन, गणना प्रक्रिया, प्रपत्रों तथा अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों के संबंध में विस्तृत सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।समापन अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना कार्य को पूर्ण गंभीरता, निष्ठा एवं निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संपादित करने तथा प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान को आगे प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने का आह्वान किया गया।इस अवसर पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी, मास्टर ट्रेनर तथा प्रशिक्षणार्थी फील्ड ट्रेनर्स उपस्थित रहे।

