जनपद की बेसिक शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा और नई पहचान देने वाले जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल का तबादला सीतापुर जनपद के लिए हो गया है। जुलाई 2021 में जौनपुर का कार्यभार संभालने वाले डॉ. पटेल ने अपने लगभग चार वर्ष 10 माह के कार्यकाल में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, विद्यालयों में गुणवत्ता बढ़ाने और शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जनपद जौनपुर स्थित डायट सभागार में उनके सम्मान में आयोजित विदाई समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता सुधार, आधारभूत सुविधाओं के विकास, निपुण भारत मिशन सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा शिक्षकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने का कार्य हुआ। उनके कार्यकाल में जिले के कई विद्यालयों ने प्रदेश स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई।
समारोह में डॉ. गोरखनाथ पटेल के शिक्षा विभाग में लगभग 5 वर्षों के स्वर्णिम कार्यकाल की सराहना करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। उपस्थित लोगों ने उनके सरल व्यवहार, प्रशासनिक दक्षता एवं कार्य के प्रति समर्पण की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी, समस्त डी सी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के समस्त कर्मचारीगण, एस आर जी, ए आर पी, शिक्षक संगठन के जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार शुक्ला, अमित सिंह सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
—————

