जन्माष्टमी के कारण 4 सितंबर का सम्पूर्ण समाधान दिवस स्थगित, अब 11 सितंबर को होगा आयोजन

जन्माष्टमी के कारण 4 सितंबर का सम्पूर्ण समाधान दिवस स्थगित, अब 11 सितंबर को होगा आयोजन
लखनऊ, (आरएनएस)। नगर निगम लखनऊ की ओर से शहरवासियों की नागरिक सेवाओं से जुड़ी शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए आयोजित होने वाला ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ सितंबर माह में निर्धारित तिथि पर आयोजित नहीं किया जाएगा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश होने के कारण कार्यक्रम की तिथि में बदलाव किया गया है।नगर निगम द्वारा प्रत्येक माह के प्रथम शुक्रवार को ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन नगर निगम मुख्यालय, लालबाग में प्रातः 10 बजे से दोपहर एक बजे तक किया जाता है। इस दौरान शहरवासी अपनी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों को सीधे संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं और उनके निस्तारण की प्रक्रिया शुरू की जाती है।सितंबर 2026 का प्रथम शुक्रवार 4 सितंबर को पड़ रहा है, लेकिन इस दिन श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश होने के कारण समाधान दिवस आयोजित नहीं किया जाएगा। नगर आयुक्त के निर्देशों के अनुपालन में अब यह कार्यक्रम आगामी शुक्रवार 11 सितंबर 2026 को नगर निगम मुख्यालय, लालबाग में आयोजित किया जाएगा।सम्पूर्ण समाधान दिवस में गृहकर निर्धारण, जीआईएस सर्वे से संबंधित शिकायतों के साथ ही नगर निगम की विभिन्न नागरिक सेवाओं से जुड़े मामलों का निस्तारण किया जाएगा। इसके अलावा नागरिक सफाई व्यवस्था, जल निकासी, सड़क, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य नगर निगम सेवाओं से संबंधित अपनी समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे।नगर निगम प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे 11 सितंबर को आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवस में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें। नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए 11 सितंबर 2026, शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय, लालबाग पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।

————-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *