जिलाधिकारी की अध्यक्षता में राजनैतिक दलों के साथ विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण की समीक्षा बैठक संपन्न

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में राजनैतिक दलों के साथ विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण की समीक्षा बैठक संपन्न

जौनपुर 27 दिसम्बर 2025 (सू0वि0)- जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में राजनैतिक दलों के साथ मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण से संबंधित समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मा0 भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के क्रम में ईन्यूमरेशन अवधि 26 दिसंबर 2025 तक जनपद के समस्त नौ विधानसभा क्षेत्रों में निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार ईन्यूमरेशन का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है, ईन्यूमरेशन अवधि 26 दिसंबर के समाप्त होने के उपरांत सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ यह बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि सभी राजनैतिक दलों द्वारा बूथ लेवल एजेंट (BLA) की नियुक्ति की गई है तथा प्रत्येक बूथ पर बीएलए एवं बीएलओ (BLO) की संयुक्त बैठकें कराई गई हैं। इसके साथ ही एएसडी (ASD) की सूची भी निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर उपलब्ध करा दी गई है, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
कलेक्टीबल और नॉन कलेक्टीबल गणना प्रपत्र क्रमशः 83.49 प्रतिशत और 16.51प्रतिशत के डिजिटाइजेशन के साथ जनपद में गणना प्रपत्र के डिजिटाइजेशन का कार्य शत प्रतिशत पूर्ण हो चुका है।
बैठक में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिगण ने मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य में तथा निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाए रखने हेतु प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। जिलाधिकारी ने भी राजनैतिक दलों द्वारा किए गए सहयोग की सराहना की गई।
इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य, कांग्रेस से राकेश सिंह डब्बू, बीजेपी से केके विश्वकर्मा, यादवेंद्र, बीएसपी से चंद्रेज भारती, अपना दल एस से जय प्रकाश पटेल, डॉ0 मनीष कुमार, सीपीआईएम से के. एस. रघुवंशी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी राम अक्षयबर चौहान, नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह, समस्त ईआरओ सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

वहीं आज जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर स्थित वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस में रखे वीवीपैट, सीसीटीवी की क्रियाशीलता, सुरक्षा व्यवस्था, रख-रखाव सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वेयरहाउस में सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन किया जाए तथा सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं दुरुस्त बनी रहें।
निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में ठंड के दृष्टिगत गरीब एवं असहाय महिलाओं को कंबल वितरित किए गए। कंबल पाकर महिलाओं के चेहरों पर प्रसन्नता देखने को मिली। इससे पूर्व जनसुनवाई कक्ष में आए हुए फरियादियों में भी कंबल वितरण किया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी के स्पष्ट निर्देश हैं कि शीतलहर एवं ठंड के मौसम में कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति सहायता से वंचित न रहे। शासन की मंशा के अनुरूप जनपद प्रशासन द्वारा लगातार जरूरतमंदों की पहचान कर उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शीतलहर के दृष्टिगत जनपद के सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब, असहाय, वृद्ध एवं बेसहारा व्यक्तियों को कंबल वितरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि रैन बसेरों, अलाव तथा अन्य ठंड से बचाव की व्यवस्थाएं नियमित रूप से संचालित रहें।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जनसामान्य की सेवा के लिए सदैव तत्पर है और शासन की योजनाओं एवं निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर बीजेपी जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, सपा जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य, कांग्रेस से राकेश सिंह डब्बू, बीजेपी से केके विश्वकर्मा, यादवेंद्र, बीएसपी से चंद्रेज भारती, अपना दल एस से जय प्रकाश पटेल, डॉ0 मनीष कुमार, सीपीआईएम से के. एस. रघुवंशी, उपजिला निर्वाचन अधिकारी राम अक्षयबर चौहान सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *