जिलाधिकारी द्वारा ग्राम पंचायत सैयूर का किया निरीक्षण, विकास कार्यों का लिया जायजा
जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन एल. द्वारा सम्पूर्ण समाधान दिवस की कार्यवाही संपन्न होने के उपरांत विकास खंड रामनगर की ग्राम पंचायत सैयूर का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत में संचालित विभिन्न विकास कार्यों एवं जनोपयोगी परिसंपत्तियों का गहन अवलोकन किया गया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने अमृत सरोवर का निरीक्षण किया तथा परिसर स्थित अमृत वाटिका में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने जल संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनके संरक्षण पर बल दिया।
इसके उपरांत अन्नपूर्णा भवन का निरीक्षण कर वहाँ उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं संचालन का जायजा लिया। तत्पश्चात रूरल रिसोर्स सेंटर (आरआरसी सेंटर) का निरीक्षण करते हुए डीपीआरओ को क्रियाशील करने तथा केंद्र के संचालन एवं उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा की गई। इसके बाद सामुदायिक शौचालय का निरीक्षण कर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत एवं रखरखाव संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएँ संतोषजनक पाई गईं।
इसके पश्चात पंचायत भवन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों का संधारण, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, फर्नीचर एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का अवलोकन किया गया। पंचायत भवन में समस्त व्यवस्थाएँ सुव्यवस्थित एवं संतोषजनक पाई गईं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायत में निर्मित सभी सार्वजनिक परिसंपत्तियों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पहुँचाया जाए। उन्होंने ग्राम पंचायत में स्वच्छता, हरियाली एवं जनसुविधाओं को बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, उपजिलाधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ), खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
————–
जौनपुर 18 जुलाई, 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-03
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. एवं पुलिस अधीक्षक श्री कुंवर अनुपम सिंह की उपस्थिति में तहसील मड़ियाहूँ सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन सम्पन्न हुआ। जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनका गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान ग्राम चतुर्भुजपुर, विकास खंड बरसठी निवासी जगरनाथ द्वारा पथरगड्डी (मेड़बंदी) कराए जाने तथा ग्राम जैयरामपुर, गोपालापुर निवासी राजमन द्वारा राजस्व निरीक्षक के स्तर से पथरगड्डी न किए जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। इस पर जिलाधिकारी ने प्रकरण नायब तहसीलदार मड़ियाहूँ को सौंपते हुए थाना प्रभारी मड़ियाहूँ के साथ संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार ग्राम सुरेरी, परगना गोपालापुर, तहसील मड़ियाहूँ निवासी मकरन्द कुमार ने भूमि की पैमाइश कराए जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार मड़ियाहूँ को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवाद, पैमाइश, अतिक्रमण, राजस्व तथा अन्य विभागों से संबंधित विभिन्न शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूर्ण पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने पाए।
उन्होंने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व संबंधी मामलों में संयुक्त रूप से मौके पर जाकर जांच करें तथा विवादित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण किया जाए तथा न्यायालयों के आदेशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कराया जाए।
पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का प्रभावी एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 180 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 06 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी श्रीमती मीनाक्षी देवी, परियोजना निदेशक श्री के.के. पांडेय, उपजिलाधिकारी मड़ियाहूँ, तहसीलदार, नायब तहसीलदार मड़ियाहूँ सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
———-

