जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पाल एन की उपस्थिति में वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के दृष्टिगत मतदान प्रक्रिया को सुचारु एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने हेतु मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण में प्रथम मतदान अधिकारी एवं पीठासीन अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान संबंधी दायित्वों तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे प्रशिक्षण में दी गई जानकारी का भली-भांति अध्ययन कर लें, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया को नियमानुसार संपन्न कराया जा सके।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, परियोजना निदेशक के.के. पांडेय, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
————-
जौनपुर 10 अक्टूबर, 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-02
जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पाल एन के द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान अवगत कराया कि माननीय भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जनपद जौनपुर में वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु आवश्यक तैयारियाँ की जा रही।
निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर, 2026 को जारी हुई। नामांकन की अंतिम तिथि 06 अक्टूबर, संवीक्षा 07 अक्टूबर तथा नाम वापसी की अंतिम तिथि 09 अक्टूबर, 2026 थी। मतदान 23 अक्टूबर को प्रातः 08:00 से अपराह्न 04:00 बजे तक होगा। मतगणना 27 अक्टूबर को लाल बहादुर शास्त्री कृषि उत्पादन मंडी समिति, पहड़िया मंडी, वाराणसी में निर्धारित है। निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर, 2026 तक पूर्ण की जाएगी।
जनपद में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 22 मतदान केंद्रों पर 68 मतदेय स्थल तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 22 मतदान केंद्रों पर 22 मतदेय स्थल निर्धारित हैं—कुल 22 मतदान केंद्र पर 90 मतदेय स्थल निर्धारित हैं । उपलब्ध अद्यतन विवरण के अनुसार दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 67,172 मतदाता पंजीकृत हैं: स्नातक क्षेत्र में 60,396 तथा शिक्षक क्षेत्र में 6,776 मतदाता पंजीकृत हैं ।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदान दल में एक पीठासीन अधिकारी एवं तीन मतदान अधिकारी (I, II, III) रहेंगे। 90 पीठासीन अधिकारियों और 270 मतदान अधिकारियों (I, II, III) की तैनाती के अतिरिक्त 22 पीठासीन अधिकारी तथा 66 मतदान अधिकारी (I, II, III) आरक्षित हैं। मतदान कार्मिको का प्रशिक्षण 10, 16 एवं 22 अक्टूबर को निर्धारित है। पर्यवेक्षण हेतु 22 माइक्रो ऑब्जर्वर तथा 08 आरक्षित माइक्रो ऑब्जर्वर की व्यवस्था है।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 06 मतदेय स्थल क्रिटिकल तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 31 मतदेय स्थल क्रिटिकल और 11 मतदेय स्थल संवेदनशील श्रेणी में चिह्नित हैं। पुलिस बल की उपलब्धता 360 तथा आरक्षित बल 50 है। प्रभावी पर्यवेक्षण के लिए 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 05 आरक्षित, 06 जोनल मजिस्ट्रेट और 03 आरक्षित तथा 02 सुपर जोनल मजिस्ट्रेट निर्धारित हैं। मतदान दिवस पर आवश्यकतानुसार सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन की सभी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन करते हुए निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्व निभाने के निर्देश दिए गए हैं।
अंत मे उन्होंने अवगत कराया कि जनपद जौनपुर में वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र निर्वाचन-2026 को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराने हेतु आवश्यक प्रशासनिक एवं व्यवस्थागत कार्यवाही की जा रही है।
इसी दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR)-2026 के अंतर्गत जनपद जौनपुर की मतदाता सूची के पुनरीक्षण तथा मतदाता सूची में नाम सम्मिलित किए जाने, अपमार्जित किए जाने एवं प्रविष्टियों में संशोधन से संबंधित प्राप्त आवेदनों की प्रगति के संबंध में जानकारी देते हुए उन्होंने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी अर्ह एवं पात्र मतदाता का नाम किसी भी कारणवश मतदाता सूची में सम्मिलित होने से छूट गया है अथवा मतदाता सूची से विलोपित हो गया है, तो ऐसे सभी पात्र मतदाता प्रारूप-6 के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम सम्मिलित कराने हेतु आवेदन कर सकते हैं। मतदाता अपना आवेदन ऑनलाइन माध्यम से भी प्रस्तुत कर सकते हैं। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ अथवा Voters’ Helpline / ECINET ऐप के माध्यम से नाम पंजीकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही की जा सकती है।
उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे अपनी पात्रता के अनुसार मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज होने की स्थिति की जाँच कर लें। यदि नाम सम्मिलित नहीं है, तो निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रारूप-6 भरकर आवेदन करें, ताकि पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित किए जाने हेतु नियमानुसार कार्यवाही की जा सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जनपद की मतदाता सूची में जेंडर रेशियो 858 है, जो प्रदेश स्तर के औसत से नीचे है।
इस संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जनपद में महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक प्रयास किए जाएं।
विशेष रूप से जो महिलाएं विवाह उपरांत प्रवास कर जौनपुर में आकर निवास कर रही हैं, उनके नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए बीएलओ एवं समस्त तहसील प्रशासन के अधिकारियों द्वारा विशेष प्रयास किया जाए।
जिला प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के अवसर से वंचित न रहे। अतः सभी संबंधित नागरिकों से अनुरोध है कि मतदाता सूची में अपने नाम की स्थिति की जाँच करें तथा आवश्यकता होने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत करें।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी परमानंद झा,जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय ,सम्मानित पत्रकार बंधु सहित अन्य उपस्थित रहे ।
—————-
जौनपुर 10 अक्टूबर, 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-03
ईवीएम एवं वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग (FLC) दिनांक 12 अक्टूबर, 2026 से प्रारंभ होगी
जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पॉल एन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अवगत कराया गया की माननीय भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में जनपद जौनपुर में ईवीएम एवं वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग (First Level Checking—FLC) की कार्यवाही दिनांक 12 अक्टूबर, 2026 से प्रारंभ होकर कार्यवाही की समाप्ति तक प्रतिदिन निरंतर संचालित की जाएगी। इस दौरान रविवार एवं अन्य राजकीय अवकाशों के दिनों में भी कार्यवाही जारी रहेगी। अर्थात् FLC की कार्यवाही अवकाशरहित रूप से संपन्न की जाएगी।
FLC की कार्यवाही प्रतिदिन प्रातः 09:00 बजे से सायं 07:00 बजे तक जिला निर्वाचन कार्यालय, जौनपुर स्थित ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस भवन में संपन्न की जाएगी। उक्त कार्यवाही भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) के 12 इंजीनियरों द्वारा संपन्न की जाएगी, जो FLC की निर्धारित अवधि के दौरान जनपद जौनपुर में ही निवास करेंगे।
इस प्रक्रिया के अंतर्गत कुल 5,917 बैलेट यूनिट (BU), 5,917 कंट्रोल यूनिट (CU) एवं 5,917 वीवीपैट (VVPAT) की फर्स्ट लेवल चेकिंग की जाएगी।
FLC की कार्यवाही के दौरान निर्धारित सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल संबंधी निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। FLC स्थल पर किसी भी व्यक्ति को मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। केवल दो अधिकृत BEL इंजीनियरों को मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति होगी। इसके अतिरिक्त, FLC स्थल पर किसी भी प्रकार की अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री जैसे ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्टवॉच आदि ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।
FLC प्रक्रिया के दौरान उत्पन्न होने वाली वीवीपैट स्लिपों का प्रतिदिन श्रेडर मशीन के माध्यम से नियमानुसार विनष्टीकरण किया जाएगा।
समस्त FLC कार्यवाही माननीय भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।
एफ.एल.सी. के दौरान सभी राजनैतिक दलों के अधिकृत पदाधिकारी ही एफ. एल. सी. प्रक्रिया में सम्मिलित होंगे ।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी परमानंद झा, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित सम्मानित पत्रकार बंधु उपस्थित रहे ।

