जिले मे ‘मिशन:सेफ फ्यूचर’ अभियान के तहत 13 स्कूली वाहनों का चालान व 6 वाहन सीज
(डाक्टर अजय तिवारी जिला संवाददाता)
अयोध्या। बच्चों की सुरक्षित स्कूल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने जिले में ‘मिशन: सेफ फ्यूचर’ अभियान तेज कर दिया है। परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर यह विशेष अभियान 1 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य सभी स्कूली वाहनों की फिटनेस और परमिट की शत-प्रतिशत जांच सुनिश्चित करना है।अभियान का संचालन संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) विश्वजीत प्रताप सिंह और संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) संजय झा के निर्देशन में किया जा रहा है। इसमें सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, यात्री/मालकर अधिकारी और मोटर यान निरीक्षक की टीम संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रही है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ आरपी सिंह के अनुसार प्रदेश में कई स्कूल वाहन बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र या बिना वैध परमिट के संचालित पाए गए हैं। ऐसे वाहन बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं। इसी को देखते हुए विशेष अभियान शुरू किया गया है।अभियान के तहत मंगलवार को जिंगल बेल स्कूल, अयोध्या में सड़क सुरक्षा और स्कूल वाहन सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और वाहन चालकों को सुरक्षित परिवहन के नियमों की जानकारी दी गई।डॉ सिंह के अनुसार 1 जुलाई से 7 जुलाई 2026 के बीच अभियान के दौरान 13 स्कूली वाहनों का चालान किया गया, जबकि 6 वाहनों को बंद करने की कार्रवाई की गई।
अब अभियान के दूसरे चरण में 8, 9 और 10 जुलाई 2026 को स्कूली वाहनों के साथ-साथ अनधिकृत यात्री वाहनों के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जाएगा।परिवहन विभाग ने सभी स्कूल संचालकों और वाहन मालिकों से फिटनेस, परमिट और अन्य जरूरी दस्तावेज समय पर अपडेट रखने की अपील की
है।

