टैम्पो पलटने से मासूम की मौत, छः जख्मी

रिपोर्ट-जनार्दन श्रीवास्तव

पाली-(हरदोई) शाहाबाद क्षेत्र के ठेहापुर गांव के पास शुक्रवार शाम कुत्ते को बचाने के प्रयास में एक टैम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में एक मासूम बच्चे की मौत हो गयी। जबकि छः अन्य सवारियाँ गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों की मदद से सभी घायलों को पीएचसी लाया गया। डॉक्टरों ने सभी घायलों की हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पाली कस्बा के मोहल्ला पटियानीम निवासी गीता(40) अपने बेटे हर्षित(12) भतीजी पूजा(15), सोनू(29) भगवंतपुर निवासी रामबक्श(45) अरुण(40) पत्नी रामबक्श और संगीता(13) एक साथ टेंपो में सवार होकर निसौली निवासी मुनेश कश्यप के यहाँ होली मिलने जा रही थीं। रास्ते मे ठेहापुर गांव के पास सामने से कुत्ता आ गया। जिसे बचाने के प्रयास में टेंपो का संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टेंपो के नीचे दबकर हर्षित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक अर्जुन सहित सभी घायल हो गये। राहगीरों की मदद से सभी को पाली पीएचसी लाया गया। जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। थानाध्यक्ष राजकुमार पाण्डेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। विधिक कार्यवाही की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *