ट्रक में पीछे से भिड़ी काशी डिपो की बस, चालक की मौत; 14 यात्री घायल
गोरखपुर, बेलीपार थाना क्षेत्र के
बाघागाड़ा में गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर गुरुवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में काशी डिपो की बस अनियंत्रित होकर पीछे से जा भिड़ी। हादसे में बस चालक समेत 14 यात्री घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल चालक दयाशंकर यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार के अनुसार काशी डिपो की बस यात्रियों को लेकर गोरखपुर आ रही थी। बस में कुल 37 यात्री सवार थे। बाघागाड़ा के पास बस अनियंत्रित होकर आगे जा रहे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटे लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।इलाज के दौरान बस चालक दयाशंकर यादव ने दम तोड़ दिया। वह वाराणसी जिले के सेवापुरी क्षेत्र के ग्राम बसहुपुर के निवासी थे। पुलिस ने उनके परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाई। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
ये यात्री हुए घायल
हादसे में अरविंद कुमार गुप्ता, ज्ञानवती देवी, अन्नू, राकेश यादव, रागिनी मिश्रा, राकेश गुप्ता, सुमन मिश्रा, अमरजीत प्रसाद, हुमायूं हाशमी, मो. रफी, मो. इमरान, सुरेश गुप्ता, संदीप कुमार और सुंदरी घायल हुए हैं। सभी घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार कराया जा रहा है।पुलिस ने मृत चालक के शव को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना की जांच जारी है।
————–
फोटो नं. 1 रत्नाकर श्रीवास्तव और उनकी पत्नी वर्षा श्रीवास्तव
मकान बेचने के नाम पर 1.90 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज
बस्ती। मकान बेचने के नाम पर एक करोड़ 90 लाख रुपये लेने और बाद में रजिस्ट्री से इनकार करने के मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, बस्ती के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले में रत्नाकर श्रीवास्तव और उनकी पत्नी वर्षा श्रीवास्तव को आरोपी बनाया गया है। पीड़ित दिव्यांशु खरे ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
दिव्यांशु खरे के मुताबिक वह चित्रांश इंटरप्राइजेज फर्म के प्रोपराइटर हैं और व्यवसाय के सिलसिले में उनकी रत्नाकर श्रीवास्तव से मित्रता हुई थी। दोनों के बीच वर्ष 2021 से ऑनलाइन रुपये का लेनदेन भी होता रहा। इसी व्यावसायिक संबंध के चलते पीड़ित का आरोप है कि उसे रत्नाकर और उनकी पत्नी पर भरोसा हो गया।आरोप है कि रत्नाकर श्रीवास्तव ने अपना दो मंजिला मकान बेचने की पेशकश की और इसकी कीमत 2.50 करोड़ रुपये तय हुई। अगस्त 2025 में बैनामा करने की बात कही गई। इस दौरान अनुभव श्रीवास्तव और सूरज श्रीवास्तव के मौजूद रहने का भी दावा किया गया है। पीड़ित के अनुसार मकान के स्वामित्व से संबंधित नगर पालिका का एसेसमेंट प्रपत्र भी दिखाया गया, जिसमें रत्नाकर श्रीवास्तव का नाम दर्ज बताया गयाशिकायत के अनुसार, एसेसमेंट प्रपत्र पर भरोसा करते हुए पीड़ित और उसके चाचा के बैंक खातों से अलग-अलग किस्तों में 15 जुलाई 2025 तक कुल एक करोड़ 90 लाख रुपये रत्नाकर श्रीवास्तव और उनकी पत्नी के बैंक खातों में स्थानांतरित किए गए। इसके बाद मकान की रजिस्ट्री करने में टालमटोल शुरू हो गई पीड़ित का कहना है कि संदेह होने पर नगर पालिका परिषद से दस्तावेज की तस्दीक कराई गई। इसमें कथित तौर पर मकान रत्नाकर श्रीवास्तव की मां कृष्ण मोहनी के नाम दर्ज मिला। इसके बाद पीड़ित ने आरोपियों से रकम वापस करने की मांग की, लेकिन रकम वापस नहीं की गई।शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि 9 नवंबर 2025 को शाम करीब छह बजे पीड़ित अपने मित्र अनुभव श्रीवास्तव और सूरज श्रीवास्तव के साथ आरोपियों के घर गया था। वहां रकम वापस मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।पीड़ित के मुताबिक उसने मामले में कोतवाली पुलिस और पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिए, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 10 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक को रजिस्ट्री के जरिए भी शिकायत भेजी गई। कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली।मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, बस्ती ने 17 अगस्त 2026 को धारा 173 (4) भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत प्रस्तुत प्रार्थना पत्र स्वीकार करते हुए थानाध्यक्ष कोतवाली को मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधि के अनुसार विवेचना कराने और सात दिन के भीतर न्यायालय को कार्रवाई से अवगत कराने का आदेश दिया। आदेश के अनुपालन में 18 अगस्त को इसकी प्रति कोतवाली भेजी गई। पुलिस ने न्यायालय के आदेश के बाद मामले में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। शिकायत में आरोपियों पर कूटरचित दस्तावेज के जरिए विश्वास कायम कर धोखाधड़ी से रकम हासिल करने और उसे हड़पने का आरोप लगाया गया है। पुलिस की विवेचना में दस्तावेजों, बैंक खातों में हुए लेनदेन और मकान के वास्तविक स्वामित्व समेत अन्य तथ्यों की जांच की जाएगी।
—————-
फोटो नं. 2
मुण्डेरवा में युवक ने थानाध्यक्ष पर लगाया मारपीट का आरोप, डीआईजी से की कार्रवाई की मांग
बस्ती। मुंडेरवा थाना क्षेत्र के सण्डा गांव निवासी एक युवक ने थानाध्यक्ष और पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक और डीआईजी को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि उसे थाने में ले जाकर बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं और उसे अस्पताल में भर्ती होना पड़ा।
सण्डा गांव निवासी अखिलेश पाण्डेय पुत्र लक्ष्मीशंकर पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक और डीआईजी को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया है कि 14 अगस्त 2026 की रात लगभग 9 से 10 बजे के बीच घर में कुछ घरेलू बातों को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान उसकी पत्नी ने अपने भाई को बुला लिया। आरोप है कि पत्नी के भाई ने स्थानीय थाने पर सूचना दे दी, जिसके बाद पुलिस उसके घर पहुंच गई। अखिलेश का आरोप है कि पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई, जबकि उस समय उसका सात वर्षीय बेटा भी उसके साथ था। शिकायत के अनुसार थाने में उससे पूछताछ के नाम पर मारपीट की गई। उसने आरोप लगाया है कि थानाध्यक्ष और अन्य पुलिसकर्मियों ने बेल्ट व जूतों से उसकी पिटाई की, जिससे उसके शरीर पर कई जगह चोटें आईं।
प्रार्थना पत्र में अखिलेश ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान वह कई बार बेहोश हुआ। उसका कहना है कि अगले दिन उसकी हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज हुआ। उसने दावा किया है कि उसके पैर के अंगूठे में भी गंभीर चोट आई और शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान मौजूद हैं।
पीड़ित ने अपने आवेदन में कहा है कि घटना के बाद वह शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान है। उसका आरोप है कि अब उसे और उसके परिवार को मुकदमे में फंसाने तथा अन्य प्रकार की धमकियां भी मिल रही हैं, जिससे परिवार में भय का माहौल है। अखिलेश पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक और डीआईजी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की भी अपील की है।
फिलहाल मामले में पुलिस विभाग की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
————–
फोटो नं. 8, 9, 10
आत्मनिर्भर बनें महिलाएं, समरस समाज का हो निर्माण – अजय सिंह
बस्ती। हर्रैया क्षेत्र में शुक्रवार को विधायक अजय सिंह ने विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर महिलाओं के आत्मनिर्भरता के साथ सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश दिया। खुशहालगंज में उन्होंने शुभ प्रेरणा मॉडल कैंटीन का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान विधायक ने कैंटीन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और संचालकों को शुभकामनाएं दीं।
विधायक ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही हैं। शुभ प्रेरणा मॉडल कैंटीन जैसी पहल महिलाओं को अपने हुनर को रोजगार में बदलने का बेहतर अवसर प्रदान करती है। उन्होंने कैंटीन में स्वच्छता, गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री और बेहतर ग्राहक सेवा पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
इसके बाद विधायक संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान के तहत आयोजित कलश वंदन यात्रा के कार्यक्रमों में शामिल हुए। बरसांव, पूरेओरीराय सहित विभिन्न गांवों में आयोजित कार्यक्रमों में उन्होंने संत रविदास के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर नमन किया।
विधायक ने कहा कि संत रविदास ने समाज को समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और आपसी सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि संत रविदास के बताए मार्ग पर चलकर ही समतामूलक समाज की स्थापना की जा सकती है। कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं ने उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर उपायुक्त स्वतः रोजगार आशा देवी, बीडीओ घीसम प्रसाद, ब्लॉक मिशन अधिकारी डॉ. पवन तिवारी, जिला मिशन प्रबंधक मारुतेंद्र, कपिल, सोनी सिंह, सीता, शशि, पुनिता, कांति सिंह, दुबौलिया प्रशासक प्रतिनिधि अनिल सिंह, भाजपा नेता श्रीराम सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
—————
फोटो- नं. 3, 4, 5
मेरा स्वास्थ्य, मेरी जिम्मेदारी में एचआईवी, एड्स मरीजों को दिया कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
बस्ती। जिला चिकित्सालय के सभागार में “मेरा स्वास्थ्य, मेरी जिम्मेदारी” अभियान के तहत उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी लखनऊ के सहयोग से दो दिवसीय सामाजिक सुरक्षा एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का आयोजन प्रमुख अधीक्षक, जिला चिकित्सालय एवं मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देशन तथा नोडल अधिकारी के मार्गदर्शन में किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य एचआईवी, एड्स के साथ जीवन यापन कर रहे लोगों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा पात्र लाभार्थियों को इन योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करना रहा।
ज्योत्सना गुप्ता, काउंसलर, एआरटी सेंटर, बस्ती ने शिविर का संचालन किया। उन्होंने उपस्थित एचआईवी/एड्स के साथ जीवन यापन कर रहे लोगों एवं उनके परिजनों को एचआईवी/एड्स से संबंधित आवश्यक जानकारी देने के साथ-साथ उपलब्ध सामाजिक सुरक्षा योजनाओं एवं सरकारी सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।कैंप के दौरान अखिलेश सिंह, क्लस्टर प्रोग्राम मैनेजर ने एचआईवी/एड्स अधिनियम, संक्रमित व्यक्तियों के अधिकारों तथा सामाजिक सुरक्षा के संबंध में अपने विचार रखे। ग्रामीण विकास सेवा समिति के सचिव अम्बुज कुमार यादव ने एचआईवी के साथ जीवन यापन कर रहे लोगों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का आग्रह किया।महिला कल्याण विभाग की जिला मिशन कोऑर्डिनेटर साधना अग्रहरि ने विभागीय योजनाओं के संबंध में जानकारी देते हुए निराश्रित महिला पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, बच्चों की शिक्षा के लिए उपलब्ध सहयोग, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना एवं कन्या सुमंगला योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया।
जिला चिकित्सालय अधीक्षक डा. अनिल कुमार प्रजापति ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। कमलेश शुक्ला, समाज कल्याण विभाग ने अपने संबोधन में कहा कि एचआईवी/एड्स के साथ जीवन यापन कर रहे लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।श्रम विभाग अधिकारी ने उपस्थित लोगों को श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी। उद्योग विभाग से अर्जुन गौतम ने उपस्थित लोगों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रवक्ता कौशल किशोर श्रीवास्तव ने एचआईवी/एड्स अधिनियम के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।नोडल डॉक्टर महेश शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि एचआईवी/एड्स के साथ जीवन यापन कर रहे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है।उपस्थित लाभार्थियों ने भी अपनी समस्याओं एवं अनुभवों को साझा किया। संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों द्वारा लाभार्थियों की समस्याओं को सुना गया तथा मौके पर आवश्यक मार्गदर्शन एवं समाधान उपलब्ध कराया गया। शिविर के दौरान 50 से अधिक लाभार्थियों की समस्याओं का निराकरण करते हुए उन्हें विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया।
————–
फोटो नं. 12, 13, 14
भाजपा नेता चन्द्रमणि पाण्डेय सुदामा के नेतृत्व में 25 दिनों तक चले युवा संवाद का भाजपा जिलाध्यक्ष ने किया समापन
हिन्दुस्तान एक था, एक है और एक रहेगा- विवेकानंद मिश्र
बस्ती। युवाओं को शिक्षा, संस्कार, राष्ट्रप्रेम, सामाजिक एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति उनके दायित्वों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से भाजपा नेता एवं समाजसेवी चन्द्रमणि पाण्डेय ‘सुदामा’ के नेतृत्व में हर्रैया विधानसभा क्षेत्र में लगातार 25 दिनों तक चले युवा संवाद अभियान का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। अभियान के अंतिम दिन विक्रमजोत एवं छावनी क्षेत्र के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में छात्र-छात्राओं से संवाद किया गया।
अभियान के 25वें दिन विक्रम पब्लिक स्कूल विक्रमजोत, बालगोविंद गंगा प्रसाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विक्रमजोत, बाल्मीकि इंटर कॉलेज विक्रमजोत, लतीफिया इंटर कॉलेज छावनी तथा रामक्षत्तर यादव इंटर कॉलेज महाखरपुर में छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ संस्कार, राष्ट्रप्रेम, एकता एवं अखंडता का संदेश दिया गया।
समापन कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने कहा कि “हिंदुस्तान एक था, एक है और एक रहेगा। हमारी एकता और अखंडता को तोड़ने का कोई भी कुत्सित प्रयास सफल नहीं होगा।” उन्होंने कहा कि भारत की शक्ति उसकी विविधता में एकता और सामाजिक समरसता में निहित है। देश के युवाओं को किसी भी प्रकार के विभाजनकारी प्रयासों से सावधान रहते हुए राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी।
उन्होंने नवयुवकों से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री जी के “एक रहोगे तो सेफ रहोगे” तथा मुख्यमंत्री जी के “बंटोगे तो कटोगे” के मूल मंत्र को आत्मसात करें। उन्होंने कहा कि मजबूत और विकसित भारत के निर्माण के लिए युवा शक्ति का संगठित, संस्कारित और राष्ट्रनिष्ठ होना आवश्यक है।
भाजपा नेता चन्द्रमणि पाण्डेय सुदामा ने बताया कि 25 दिनों तक चले इस अभियान में क्षेत्र के स्कूलों, इंटर कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्रों और डिजिटल लाइब्रेरी में छात्र-छात्राओं से संवाद किया गया। अभियान के दौरान कुल 60 शिक्षण संस्थानों में करीब 50 हजार छात्र-छात्राओं तक पहुंचकर उनसे सीधा संवाद स्थापित किया गया।
उन्होंने युवाओं से कहा कि उन्हें सरकार की योजनाओं और उपलब्ध अवसरों की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाना चाहिए और अपनी प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से रामक्षत्तर यादव, रमेश यादव, अमर यादव, राम बहोर गुप्ता, जुबेर अहमद, सरफराज अहमद, विजय पाण्डेय, दिलीप तिवारी, शिवम पाण्डेय, कृष्ण चन्द्र सिंह, संतोष द्विवेदी, मुकेश पाण्डेय तथा राजीव पाण्डेय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
—————
फोटो नं. 15, 16
पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर अटेवा ने निकाली तिरंगा यात्राः प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
बस्ती। आल टीचर्स एम्प्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन (अटेवा) के प्रान्तीय आवाहन पर शुक्रवार को जिले भर के शिक्षकों, कर्मचारियों ने तिरंगा यात्रा निकाल कर पुरानी पेंशन बहाल किए जाने,टेट अनिवार्यता खत्म करने और निजीकरण बंद करने की मांग किया। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को 3 सूत्रीय ज्ञापन भेजकर समस्या के निस्तारण की मांग किया गया।
तिरंगा यात्रा की अगुवाई कर रहे अटेवा के जिला संयोजक तौआब अली ने कहा कि शेयर बाजार आधारित नई पेंशन स्कीम शिक्षकों कर्मचारियों के लिए कत्तई ठीक नहीं है इसलिए हम सरकार से मांग करते हैं कि तत्काल पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करे। बताया कि अपनी मांगों को लेकर प्रदेश भर के शिक्षक कर्मचारी 25 सितम्बर को लखनऊ में आन्दोलन के लिए बाध्य होंगे जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
मंडलीय महामंत्री दीपक सिंह प्रेमी, जिला महामंत्री कैलाश नाथ औरं मण्डलीय आय व्यय निरीक्षक डॉ. कमलेश चौधरी ने सयुक्त रूप से कहा कि आरटीई एक्ट लागू होने से पूर्व के शिक्षकों पर टेट अनिवार्यता का संगठन विरोध करता है यदि जल्द ही सरकार इस पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो संगठन विरोध प्रदर्शन के लिए बाध्य होगा।
जिला कोषाध्यक्ष अमर चंद,जिला उपाध्यक्ष राहुल उपाध्याय,जितेंद्र वरुण,सुनील मौर्य,अमरनाथ,राकेश सिंह,जिला प्रवक्ता विनोद प्रकाश वर्मा, आई टी सेल प्रभारी मनीष मिश्रा,मीडिया प्रभारी नीरज वर्मा,सहित सभी जिला पदाधिकारियों ने एक स्वर में सरकारी संस्थाओं के निजीकरण का विरोध किया।
अटेवा के तिरंगा यात्रा को समर्थन दे रहे माध्यमिक शिक्षक संघ एकजुट के प्रदेशीय कोषाध्यक्ष बिजेन्द्र वर्मा, प्रदेशीय मंत्री धुव नारायण, जिलाध्यक्ष अजय कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से कहा कि हर संघर्ष में उनका संघ अटेवा के साथ खड़ा है।
अटेवा के इस तिरंगा यात्रा में अखिल भारतीय उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष उदय शंकर शुक्ल, टीएससीटी के जिलाध्यक्ष प्रमोद ओझा, पीडब्ल्यूडी वर्क चार्ज संघ के जिलाध्यक्ष अनिल कुमार,सहित दर्जनों संघों के अध्यक्ष एवं उनके पदाधिकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम में संजय यादव, सुखराज गुप्ता,अर्जुन प्रसाद,अवधेश कुमार,पप्पू सक्सेना, राकेश कुमार मिश्रा,लालजी वर्मा,महेंद्र पेटल, सतीश शंकर शुक्ल, रीता शुक्ला, नरेन्द्र दूबे, प्रदीप मिश्र,प्रवेश चौधरी अजीत वर्मा,संतोष यादव,प्रमोद कुमार वर्मा, मोहम्मद सलाम, जावेद इकबाल वीरेंद्र चौधरी,राजेश आर्य, संतोष कुमार, डॉ सत्यप्रकाश मौर्य,बाबू राम बर्मा,अनिरुद्ध वर्मा, डॉ श्रवण गुप्ता,हरि सिंह, सुनील पाण्डेय,जनार्दन शुक्ल,सूर्य प्रकाश शुक्ल, राघवेन्द्र प्रताप सहित अनेक शिक्षक कर्मचारी शामिल रहे।
————-
रसोईघर का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर, चूल्हा व बर्तन चोरी
बस्ती: प्राथमिक विद्यालय कूढ़ा पट्टी दरियाव में चोरों ने रसोईघर का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर, चूल्हा समेत हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। प्रधानाध्यापक विन्देश्वरी प्रसाद मिश्र ने नगर पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गुरुवार को विद्यालय खुलने पर रसोईघर का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, आटा रखने का पात्र, भगोना, बाल्टी, कलछुल व अन्य बर्तन व राशन सामग्री गायब मिली। थाना प्रभारी नगर राम प्रसाद यादव ने बताया कि केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
::::::..::::::::::.:::
अधिशाषी अभियंता विद्युत द्वितीय व उपखंड अधिकारी को तीन साल की सजा
पहली बार उपभोक्ता अदालत में सुनाई गई सजा
बस्ती- न्यायालय के आदेश का अनुपालन न करने पर जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष न्यायाधीश अमर जीत वर्मा सदस्य अजय प्रकाश सिंह ने अधिशाषी अभियंता विद्युत वितरण खण्ड द्वितीय एवं उप खंड अधिकारी भानपुर को तीन साल की सजा सुनाई है।आयोग ने प्रत्येक को ₹25000 रूपयेअर्थदंड से दंडित किया है अर्थ दंड जमा ना करने पर एक माह की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी.।उपभोक्ता अदालत के 35 साल के इतिहास में पहली बार किसी को सजा सुनाई गई है। भानपुर निवासी मानवेंद्र सिंह ने संजीव कुमार भट्टाचार्य एडवोकेट के माध्यम से उपभोक्ता अदालत में 2024 में मुकदमा दाखिल किया था। शिकायतकर्ता के अनुसार वह राहुल ऑटो मोबाइल का प्रोपराइटर है,और इस फर्म के लिए कनेक्शन ले रखा था, जिसके मीटर और बिल दोनों में खराबी आने पर 9 जनवरी 2024 को शिकायतकर्ता ने विभाग में शिकायत किया तीन महीने का बिल 59000रूपये भेजा गया उसे भी जमा कर दिया। उसके बाद में मई महीने का बिल 8566 रूपये आया। शिकायतकर्ता ने पोर्टल पर शिकायत की,तो बकाया बिल 62143 दिखने लगा, तब विवश होकर के अदालत में मुकदमा दाखिल किया.। दोनों पक्ष की बात सुनने के बाद अदालत नेअपने आदेश एक जनवरी 2026के द्वारा अप्रैल 2024 के बाद के सभी बिल निरस्त कर दिया और विद्युत विभाग पर 120000 रुपए हर्जाना लगाया। 45 दिन के अंदर अदालत ने आदेश का अनुपालन करने के लिए कहा था।45 दिन में अनुपालन न होने पर 12% ब्याज देने का भी आदेश में उल्लेख था।अधिशाषी अभियंता व उनके मातहत ने न्यायालय के आदेश का पालन नहीं किया,। तब मानवेंद्र सिंह ने इजराबाद दाखिल किया,उसमें भी न्यायालय का आदेश न मानने पर धारा 72 उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकीर्ण वाद दाखिल किया गया.।न्यायालय ने दोनोंअधिकारियो के विरुद्ध जमानतीय वारंट भेजा,जिसको उन्होंने तामील कर लिया था, इसके बाद भी ना तो न्यायालय में उपस्थित आए ना ही न्यायालय के आदेश का पालन किया।विद्युत विभाग द्वारा प्रायः अदालत के आदेश की अवमानना कई मामलों में की जा रही थी, उसे गंभीरता से लेते हुए दोनों अधिकारियों को धारा 72 में प्राप्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए न्यायालय ने दंडित किया है. सुनवाई की अगली तारीख 20 अक्टूबर तय की गई है स्थानीय जनपद में 1991 में उपभोक्ता फोरम की स्थापना की गई थी, जो बाद में उपभोक्ता आयोग बन गया,परं
तु 35 साल में कभी भी किसी को दंडित नहीं किया गया था.

