जनपद में ब्लॉक सिकरारा के देवपुर में डेंगू का एक नया केस रिपोर्ट हुए हैं, जिससे जनवरी 2026 से अब तक कुल 20 डेंगू केस रिपोर्ट हो चुके हैं। किसी की डेंगू से मृत्यु नहीं हुई है। उक्त गांव में जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव, सहायक मलेरिया अधिकारी संजीव कुमार मिश्रा, सिकरारा के स्वास्थ्य पर्यवेक्षक बी एल गौतम एवं गांव की आशा ममता सिंह के साथ भ्रमण कर मरीज के घर के पास पास फीवर सर्वे, ब्रीडिंग सोर्स सर्वे, सोर्स रिडक्शन, एंटी लार्वा रसायन स्प्रे, पोस्टर पेस्टिंग, पैम्फलेट वितरण, स्वास्थ्य शिक्षा आदि गतिविधियां संपादित कराएं।
डेंगू रोग का संक्रमण अभी भी अक्टूबर तक अधिक रहने की संभावना है अतः अभी भी सावधानी एवं सतर्कता जरूरी है।
डेंगू रोग मादा एडीज मच्छर के काटने से फैलने वाला एक संक्रामक वायरस जनित रोग होता है जिसमें सिर, बदन, मांसपेशियों, हड्डियों में तेज दर्द के साथ बुखार आता है उल्टी, मितली, भूख में कमी आदि लक्षण दिखाई देते हैं, जांच उपचार में देरी पर प्लेटलेट्स में कमी, रक्तस्राव आदि गंभीर समस्याएं भी हो सकती है।
डेंगू का मच्छर रुके हुए साफ पानी जैसे कूलर, गमला, फ्रिज की ट्रे, खुली टंकी, हौद, प्लास्टिक, टिन आदि के जलपात्र में प्रजनन करता है और छायादार, अंधेरे, नम जगहों, झाड़ियों आदि में छिप कर रहता है और दिन में खास कर सुबह, शाम अधिक काटता है। जो लोग पूरी आस्तीन के कपड़े नहीं पहनते, खुली बदन रहते हैं उन्हें इसके संक्रमण का खतरा अधिक होता है। डेंगू से बचाव हेतु अपील।
जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव ने समस्त जनपद वासियों से अपील की है कि अपने घरों के आस पास साफ सफाई रखें, झाड़ियां न उगने दें, जल जमाव न होने दें, टंकियों को ढक कर रखें, कूलर, फ्रिज की ट्रे आदि में जमा पानी सप्ताह में एक बार अवश्य बदल दें, खुली बदन न सोएं, सोते समय मच्छरदानी लगाएं,बुखार की स्थिति में तत्काल निजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र जाकर अपना निःशुल्क जांच उपचार कराएं,तरल खाद्य सामग्रियों का सेवन करें,पूरी तरह आराम करें, झोला छाप से इलाज न कराएं।
डेंगू के जांच उपचार हेतु आवश्यक दवाएं, जांच किट, ओ आर एस समस्त आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्राथमिक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला चिकित्सालय, मेडिकल कॉलेज में निःशुल्क उपलब्ध है। जिला चिकित्सालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों के भर्ती के लिए वार्ड भी उपलब्ध हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा निरंतर फीवर सर्विलांस कराया जा रहा है,आशा द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार प्रसार, ब्रीडिंग सोर्स सर्वे, सोर्स रिडक्शन एवं नगरीय क्षेत्रों में नगर पालिका, पंचायत द्वारा साफ सफाई, एंटीलार्वा रसायन स्प्रे, फॉगिंग कराया जा रहा है। मलेरिया फाइलेरिया टीम द्वारा अर्बन जौनपुर में भी कार्ययोजना तैयार कर छिड़काव, प्रजनन स्रोतों का सर्वे, सोर्स रिडक्शन, पोस्टर पेस्टिंग, पैम्फलेट वितरण कार्य कराया जा रहा है। आपकी सतर्कता और सावधानी खत्म करेगी डेंगू की कहानी। हर रविवार करें मच्छरों पर वार।
————
जौनपुर 09 अक्टूबर, 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-03
विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों के गठन की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में उपायुक्त एनआरएलएम एवं जनपद के सभी 21 विकासखंडों के सहायक विकास अधिकारी ग्राम्य विकास एवं समस्त ब्लॉक मिशन प्रबंधकों (बीएमएम) ने प्रतिभाग किया।
बैठक में समूह गठन के निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष कम प्रगति करने वाले विकासखंडों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। निर्देशित किया गया कि प्रत्येक विकासखंड द्वारा प्रतिदिन 10 स्वयं सहायता समूहों का गठन सुनिश्चित करते हुए उनका लोकोस पोर्टल पर एमआईएस कराया जाए। साथ ही, एमआईएस पोर्टल के माध्यम से प्रगति रिपोर्ट प्रतिदिन प्रातः प्रेषित की जाए।
सभी विकास खंडों के सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास) को निर्देशित किया गया कि चालू माह के अंतिम दिवस तक प्रत्येक विकासखंड निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष कम से कम 25 प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करे।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित न करने वाले विकास खंडों के संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए संबंधित विकासखंड के ब्लॉक मिशन प्रबंधक एवं सहायक विकास अधिकारी (ग्रामीण विकास) उत्तरदायी होंगे।
————

