डेयरी किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दे रही उ.प्र. सरकार

डेयरी किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दे रही उ.प्र. सरकार

पशुपालन एवं डेयरी विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ग्रामीण उत्सव में बोले

ब्यूरो चीफ आर एल पाण्डेय

लखनऊ डेस्क आर एल पाण्डेय। उत्तर प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि राज्य सरकार पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए पशु खरीद पर 50 प्रतिशत सब्सिडी, गुणवत्तापूर्ण सीमेन और टीकाकरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है, साथ ही कम लागत में अधिक दूध उत्पादन और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से डेयरी किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। श्री सिंह राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी ) और उसकी सहायक संस्था एनडीडीबी डेयरी सर्विसेज (एनडीएस ) द्वारा बीएचयू के हैलीपैड मैदान में आयोजित ग्रामीण उत्सव ‘रंगीलो काशी’ के शुभारम्भ मौके पर सम्बोधित कर रहे थे। इस मौके पर एनडीडीबी के निदेशक दुर्गा प्रसाद मिश्र, एनडीडीबी एवं एनडीडीबी डेयरी सर्विसेज के चेयरमैन डॉ. मीनेश शाह, डेयरी विकास आयुक्त धनलक्ष्मी के. सहित कई प्रमुख लोग मौजूद थे। इस अवसर पर एनडीडीबी एवं एनडीडीबी डेयरी सर्विसेज के चेयरमैन डॉ. मीनेश शाह ने कहा कि ‘रंगीलो काशी’ का उद्देश्य किसानों को नई जानकारी, तकनीक और अवसरों से जोड़ना तथा डेयरी क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से किसानों की दूध उत्पादकता और आय बढ़ाने के लिए विभिन्न पहल की जा रही हैं। एनडीडीबी के निदेशक दुर्गा प्रसाद मिश्र ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा दूध उत्पादक राज्य है और देश के कुल दूध उत्पादन में इसकी हिस्सेदारी करीब 16 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि राज्य में डेयरी क्षेत्र के विकास की अभी काफी संभावनाएं हैं। डेयरी विकास आयुक्त धनलक्ष्मी के. ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर जिले में डेयरी सहकारी समिति स्थापित करना और ब्लॉक स्तर पर राष्ट्रीय गोकुल मिशन को आगे बढ़ाना है। महिला डेयरी किसानों को ‘लखपति दीदी’ बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। उद्घाटन समारोह में ‘नंदी शो’ मुख्य आकर्षण रहा, जिसमें साहीवाल, थारपारकर, भदावरी और गिर जैसी नस्लों के सांड प्रदर्शित किए गए। इस दौरान किसानों के होनहार बच्चों और डेयरी विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *