तीन दिन की बैंक हड़ताल से पहले आज खुले रहेंगे बैंक, ग्राहकों को निपटाने होंगे जरूरी काम
प्रयागराज,लखनऊ (आरएनएस )। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए रविवार को प्रयागराज समेत देशभर के सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य कार्यदिवस की तरह खुले रहेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक और वित्त मंत्रालय के निर्देश पर रविवार को बैंक शाखाओं, एटीएम से जुड़ी शाखाओं तथा करेंसी चेस्ट को खुला रखने का विशेष निर्णय लिया गया है, ताकि हड़ताल से पहले ग्राहकों को नकदी निकासी, चेक क्लीयरेंस और अन्य जरूरी बैंकिंग कार्य निपटाने का अवसर मिल सके।बैंक कर्मचारी संगठनों की ओर से प्रस्तावित हड़ताल के पीछे पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत कई मांगें प्रमुख हैं। बैंक कर्मचारी सभी शनिवार को अवकाश घोषित कर सप्ताह में केवल पांच दिन बैंकिंग कार्य कराने की मांग लंबे समय से कर रहे हैं। इसके अलावा प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन योजना में मौजूद विसंगतियों को दूर करने और पारदर्शी तरीके से लाभ देने, बैंकों में रिक्त पदों पर भर्ती, पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने तथा अन्य लंबित सेवा संबंधी मांगों को लेकर भी कर्मचारी संगठन आंदोलन कर रहे हैं। हड़ताल में राष्ट्रीयकृत बैंकों के साथ क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक और जिला सहकारी बैंक के कर्मचारी तथा अधिकारी भी शामिल होने की बात कही गई है।28 से 30 सितंबर तक हड़ताल के दौरान प्रयागराज जिले की 500 से अधिक बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहेगा। शाखाओं के काउंटर से होने वाले लेन-देन, चेक क्लीयरेंस, बैंक ड्राफ्ट और पासबुक में प्रविष्टि जैसे कार्य बंद रहने की संभावना है। लगातार तीन दिन शाखाएं बंद रहने के कारण शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के एटीएम में नकदी की उपलब्धता प्रभावित होने की भी आशंका जताई जा रही है। हालांकि बैंक प्रबंधन की ओर से हड़ताल से पहले एटीएम में पर्याप्त नकदी उपलब्ध कराने की तैयारी किए जाने की बात कही गई है।हड़ताल के दौरान कर्मचारियों के वेतन और पेंशन से जुड़े भुगतान को लेकर भी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। केंद्र सरकार ने हड़ताल को देखते हुए केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के सितंबर माह के वेतन और पेंशन का भुगतान निर्धारित समय से पहले 25 सितंबर तक उनके खातों में कराने की व्यवस्था की थी।बैंक प्रबंधन और कर्मचारी संगठनों ने ग्राहकों से अपील की है कि नकद लेन-देन, चेक जमा करने, बैंक ड्राफ्ट बनवाने तथा अन्य जरूरी बैंकिंग कार्य आज ही शाखाओं में पहुंचकर निपटा लें। हड़ताल के दौरान डिजिटल बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और यूपीआई जैसी सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है, हालांकि शाखाओं से जुड़े कार्यों के लिए ग्राहकों को तीन दिन तक इंतजार करना पड़ सकता है।

