दशरथ पथ बनेगा विकास की नई धुरी, सरयू किनारे आकार लेगा नया क्षेत्र
-रामनगरी अयोध्या में नया पर्यटन व विकास क्षेत्र होगा विकसित
अयोध्या। धार्मिक नगरी अयोध्या के समग्र विकास को एक और नई दिशा मिलने जा रही है ।वही जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के अनुसार, दशरथ पथ अयोध्या धाम के भावी विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा। यह मार्ग साकेत पेट्रोल पंप से शुरू होकर राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरते हुए सीधे राजा दशरथ समाधि स्थल तक जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि राजा दशरथ समाधि स्थल एक प्रमुख और पवित्र तीर्थ स्थल है, जहाँ देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। इस पथ की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह सरयू नदी के समानांतर (किनारे-किनारे) गुजरता है, जिससे यहाँ से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को न केवल सुगम मार्ग मिलेगा, बल्कि अत्यंत मनोरम और आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव भी होगा। इस नए पथ के निर्माण से सरयू तट के आसपास का एक नया क्षेत्र खुलने जा रहा है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस पूरे इलाके को व्यवस्थित रूप से विकसित करने के लिए अयोध्या विकास प्राधिकरण द्वारा विशेष कार्ययोजना और विकास योजनाएं तैयार की जा रही हैं। इससे अयोध्या के पर्यटन और बुनियादी ढांचे को एक नया विस्तार मिलेगा।

