दिव्यांगजनों की प्रतिभा को मिलेगा मंच, दीपावली मेले का होगा आयोजन
:-सांस्कृतिक कार्यक्रमों से निखरेगी दिव्यांगजनों की प्रतिभा
गोण्डा 24 अगस्त। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी सुश्री माधवी पांडेय ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भाँति चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में “राज्य निधि योजना” के अन्तर्गत दीपावली पर्व के अवसर पर दिव्यांगजनों के लिए “दीपावली मेले” का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है। मेले का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों द्वारा तैयार किए गए चित्रों, हस्तकला एवं अन्य उपयोगी व आकर्षक उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि दीपावली मेले के माध्यम से दिव्यांगजनों की रचनात्मकता, हुनर एवं आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित किया जाएगा। मेले में दिव्यांगजनों द्वारा निर्मित विभिन्न प्रकार के उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को जनसामान्य तक पहुँचाने का अवसर भी मिलेगा। इससे दिव्यांगजनों को अपनी कला एवं कौशल का प्रदर्शन करने तथा स्वावलम्बन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहन प्राप्त होगा।
मेले के दौरान विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से दिव्यांगजनों की छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने तथा उन्हें अपनी कला का प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रमों के माध्यम से दिव्यांगजनों में आत्मविश्वास बढ़ाने और समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने बताया कि मेले के आयोजन के लिए इच्छुक स्वैच्छिक संस्थाएं अपना प्रस्ताव तीन प्रतियों में जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय, गोण्डा के कमरा संख्या-35 में उपलब्ध करा सकती हैं। प्राप्त प्रस्तावों का परीक्षण करने के उपरान्त नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही करते हुए प्रस्ताव निदेशालय को प्रेषित किए जाएंगे।
News (7)
(7)मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में मण्डलीय उद्योग बंधु की बैठक सम्पन्न
:-उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें–मण्डलायुक्त
गोण्डा 24 अगस्त। देवीपाटन मण्डल की मण्डलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में मण्डलीय उद्योग बंधु की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में गोण्डा, बहराइच, श्रावस्ती एवं बलरामपुर में औद्योगिक विकास, निवेश प्रस्तावों एवं उद्यमियों की समस्याओं की समीक्षा की गई।
मण्डलायुक्त ने उद्यमियों एवं उद्योग बंधु के प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो।
उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क, विद्युत, पेयजल, जल निकासी एवं स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही निवेशकों से निरंतर संवाद स्थापित कर निवेश प्रस्तावों के क्रियान्वयन में आवश्यक अनुमतियां एवं सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने को कहा।
मण्डलायुक्त ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप मण्डल में निवेश एवं औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देते हुए उद्यमियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जाए, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित हों। लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
बैठक में संयुक्त आयुक्त उद्योग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, उद्योग बंधु के सदस्य, औद्योगिक इकाइयों एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

