दूल्हा हत्याकांड का मुख्य आरोपी रवि यादव पुलिस मुठभेड़ में ढेर, थानाध्यक्ष केके सिंह घायल

 

एक लाख का इनामी बदमाश गोरारी मोड़ के पास पुलिस मुठभेड़ में मारा गया, दूसरे आरोपी की तलाश में कॉम्बिंग जारी

जौनपुर। जिले के चर्चित दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। हत्या का मुख्य आरोपी और एक लाख रुपये का इनामी बदमाश रवि यादव देर रात पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। मुठभेड़ के दौरान खेतासराय थानाध्यक्ष केके सिंह भी बदमाशों की गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गौरतलब है कि एक मई की शाम खेतासराय थाना क्षेत्र में बारात लेकर निकले दूल्हे आजाद बिंद की अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। पुलिस जांच में मामला प्रेम विवाह से जुड़ी रंजिश का सामने आया था। आरोप है कि दुल्हन का ममेरा भाई इस शादी से नाराज था और उसने रवि यादव के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया।

घटना के बाद मृतक पक्ष की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। मुख्य आरोपी रवि यादव पर पुलिस प्रशासन ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

थानाध्यक्ष केके सिंह के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध बदमाश क्षेत्र में आने वाले हैं। सूचना के आधार पर गोरारी मोड़ के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने लगे।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में रवि यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं मुठभेड़ के दौरान थानाध्यक्ष केके सिंह भी घायल हो गए।

फिलहाल पुलिस दूसरे फरार आरोपी की तलाश में लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *