निकाला जा रहा पानी, जलभराव से धीरे-धीरे राहत 24 घंटे से लगातार पंपिंग जारी

निकाला जा रहा पानी, जलभराव से धीरे-धीरे राहत

24 घंटे से लगातार पंपिंग जारी

प्रयागराज। चार दिनों तक लगातार हुई बारिश के बाद शहर में जलभराव से बिगड़े हालात अब धीरे-धीरे सुधरने लगे हैं। कई इलाकों में पानी कम हुआ है, हालांकि निचले क्षेत्रों में अभी भी जलभराव की स्थिति बनी हुई है। बारिश के दौरान वीआईपी इलाकों के साथ-साथ थानों और सरकारी कार्यालयों तक पानी पहुंच गया था। कई सड़कों पर पानी भरने से वाहन फंस गए और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

जलभराव के मामले में हाईकोर्ट द्वारा प्रशासन को तलब किए जाने के बाद अधिकारियों की सक्रियता बढ़ गई है। मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, नगर आयुक्त और मेयर समेत प्रशासनिक अधिकारी ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। नगर निगम की टीमें पिछले 24 घंटे से लगातार पंपिंग सेट और जनरेटर की मदद से जलभराव वाले इलाकों से पानी निकालने में जुटी हैं।

जॉर्ज टाउन, करेली, नया बस अड्डा और सिविल लाइंस समेत कई इलाकों में बड़े पंपिंग सेट लगाए गए हैं। जहां पानी अधिक जमा है, वहां एक साथ 3 से 4 पंपिंग सेट चलाए जा रहे हैं। जनरेटर के जरिए लगातार पंप चलाकर पानी को बाहर निकाला जा रहा है। नगर निगम की टीमें दिन-रात मौके पर रहकर जलनिकासी की निगरानी कर रही हैं।

लगातार 24 घंटे तक पानी निकालने के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव कम हुआ है और कुछ सड़कों पर आवागमन सामान्य होने लगा है। हालांकि निचले इलाकों में अभी भी पानी भरा हुआ है और वहां पंपिंग सेट लगातार चलाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जब तक जलभराव पूरी तरह खत्म नहीं हो जाता, तब तक टीमें मौके पर सक्रिय रहेंगी।

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और नगर आयुक्त लगातार जलभराव वाले क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। अधिकारी मौके पर जलनिकासी की स्थिति का निरीक्षण कर रहे हैं और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पंप लगाने के निर्देश दे रहे हैं। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।

 

 

 

 

 

अधिवक्ता को गोली मारने के आरोप में भाजपा पार्षद का बेटा गिरफ्तार

प्रयागराज। कर्नलगंज थाना क्षेत्र के सलोरी स्थित ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज परिसर में 18 अगस्त की रात 30 वर्षीय अधिवक्ता अंकित कुमार सिंह को गोली मारने के आरोप में भाजपा पार्षद राजू शुक्ला के बेटे दीपक शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि अभी घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल बरामद नहीं हो सकी है।

इससे पहले अस्पताल में भर्ती वकील अंकित की तहरीर पर कर्नलगंज पुलिस ने राजू के बेटे दीपक समेत चार नामजद और कई अज्ञात के खिलाफ हत्या की कोशिश सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। बाकी आरोपितों की भी तलाश की जा रही है।

कर्नलगंज थाना क्षेत्र के ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज परिसर में रहने वाले अरविंद कुमार सिंह कॉलेज में कर्मचारी हैं। उनका बेटा अंकित कुमार सिंह वकील है। पार्षद के बेटे से अंकित की पहले दोस्ती थी। वह एक साथ ही प्रापर्टी समेत दूसरी जगह पैसे का निवेश करते रहे हैं।

इसी बीच अंकित ने पार्षद के बेटे का साथ छोड़ दिया और दूसरे से दोस्ती कर ली। इससे उनके बीच दूरी और मनमुटाव हो गया। कहा गया कि 18 रात करीब साढ़े 11 बजे कॉलेज परिसर में ही अंकित और पार्षद का बेटा अपने साथियों के साथ मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। तभी पार्षद के बेटे ने लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी।

 

 

 

 

रबीउल अव्वल की छठवीं पर निकाला गया क़दीमी जुलूस ए आज़ा

प्रयागराज। दो माह और आठ दिनों तक चलने वाले अज़ादारी के दौर में अब मात्र दो दिन और शेष रह गए हैं। शनिवार को रानी मण्डी से अन्जुमन हैदरिया के बशीर हुसैन की सरपरस्ती में चुप ताजिया व दरीयाबाद हवेली से तुराब हैदर के सौजन्य से अमारी जुलूस के देर रात सम्पन्न होने के सढ़सठ दिवसीय अय्यामें अज़ा खत्म हो जायेगा और रविवार को ईद ए ज़हरा खुशनुमा माहौल में मनाई जाएगी। ऐसे में अन्तिम दो दिन में कई जगहों पर रात भर शब्बेदारी व जुलूस निकलेंगे।

दरियाबाद स्थित अज़ाखाना स्व सैय्यद वज़ीर मेंहदी से छठवीं रबी उल अव्वल का क़दीमी जुलूस निकाला गया जो परम्परागत मार्गो से होते हुए देर रात दरगाह हज़रत अब्बास पहुंच कर सम्पन्न हुआ। जुलूस से पहले आक़िब रालवी के संचालन में फ़ैज़ जाफरी ने सोज़ व सलाम पढ़ा तत्पश्चात डॉ अशरफ़ अब्बास उर्फ पप्पे खां ने मजलिस को खिताब करते हुए कर्बला में हुई बाहत्तर शहीदों की दर्दनाक शहादत का मार्मिक अन्दाज में मंज़र सुना कर अक़ीदतमंदों को रोने पर मजबूर कर दिया।

बाद मजलिस सिलसिलेवार मातमी अन्जुमने नौहा पढ़ते हुए जुलूस लेकर दरगाह हज़रत अब्बास पहुंचीं। अन्जुमन नक़विया रजिस्टर्ड दरियाबाद, अन्जुमन गुलज़ार ए क़ासमी इलाहाबाद, अन्जुमन हुसैनिया रजिस्टर्ड दरियाबाद शामिल रहीं।सब से अन्त में अन्जुमन ग़ुन्चा ए क़ासिमया बख्शी बाज़ार अपने नौहाख्वानो व मातमदारों के साथ भारी संख्या में जुलूस में शबीहे अलम हज़रत अब्बास,मौला हुसैन का ताबूत व ज़ुलजनाह की शबीह के साथ जुलूस सम्पन्न कराया। रास्ते भर अक़ीदतमंदों ने तबर्रूक़ात पर फूल माला चढ़ा कर मन्नत व मुरादें मांगी।

जुलूस में हसन नक़वी, रौनक़ सफीपूरी, शफक़त अब्बास पाशा, मिर्ज़ा अज़ादार हुसैन, सैय्यद मोहम्मद अस्करी, शबीह हसन आब्दी (शाहरुख), ज़ैग़म अब्बास, हसन टाईगर नजमुल हुसैन, माहे आलम, शजीह अब्बास, ज़ामिन हसन, असगर अली, मोहम्मद रज़ा, आरज़ू हैदर, अरशद अली समेत हज़ारों अक़ीदतमंद शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *