निराश्रित दिव्यांगजनों के आश्रय गृह का डीएम ने किया औचक निरीक्षण
सुलतानपुर। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने शुक्रवार को भॉई (पड़ोकिया), सुलतानपुर स्थित रूरल इनफारमेटिव एंड सोशल हारमोनी एकेडेमी द्वारा संचालित आश्रय गृह सह प्रशिक्षण केंद्र का औचक निरीक्षण किया। यह केंद्र मानसिक मंदित एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ निराश्रित दिव्यांगजनों की देखभाल और प्रशिक्षण के लिए संचालित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान संस्था की निदेशक रिशा वर्मा सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आश्रय गृह में रह रहे दिव्यांग बच्चों से संवाद स्थापित कर उनकी स्थिति और सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने संस्था की निदेशक रिशा वर्मा से केंद्र के संचालन तथा दिव्यांगजनों को सुविधाएं उपलब्ध कराने में आ रही समस्याओं पर चर्चा की। इस दौरान संस्था की निदेशक ने बताया कि कई निराश्रित दिव्यांगजनों की व्यक्तिगत जानकारी उपलब्ध नहीं होने के कारण उनके आधार कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। आधार कार्ड के अभाव में उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जिलाधिकारी ने जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी को निर्देश दिया कि जनपद में दिव्यांगजनों के हित में कार्य कर रहे सभी गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) से संपर्क स्थापित कर उन्हें एक मंच पर लाया जाए। साथ ही, दिव्यांगजनों के कौशल विकास और रोजगार सृजन के लिए विशेष प्रयास करने तथा इस दिशा में सभी संस्थाओं से सहयोग लेने पर जोर दिया। डीएम ने निर्देशित किया कि दिव्यांगजनों के उत्थान के लिए कार्यरत सभी एनजीओ के साथ प्रत्येक माह समीक्षा बैठक आयोजित की जाए। बैठक में दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने में आ रही बाधाओं की पहचान कर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र दिव्यांगजन शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। जिलाधिकारी ने दिव्यांगजनों के कल्याण, कौशल विकास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में समन्वित प्रयास करने पर जोर दिया।

