निर्माणाधीन बाईपास पर डिवाइडर से टकराई बाइक, न्यूट्रिमा हॉस्पिटल के कर्मचारी की मौत
मेरठ। देर रात किठौर थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन बाईपास के अस्थाई डिवाइडर से बाइक की टक्कर के बाद युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के समय युवक न्यूट्रिमा हॉस्पिटल में अपनी ड्यूटी से वापस लौट रहा था। हादसे के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मचा है।
जानकारी के मुताबिक शाहजहांपुर कस्बे के रहने वाले मांगेलाल की कस्बे में ही हलवाई की दुकान है। मांगेलाल का 20 वर्षीय पुत्र मनोज न्यूट्रिमा हॉस्पिटल में कर्मचारी था। बताया जाता है कि सोमवार देर रात मनोज ड्यूटी से वापस लौट रहा था। इसी दौरान नंगली गांव के पास निर्माणाधीन बाईपास पर बनाए गए अस्थाई डिवाइडर से मनोज की बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मनोज उछलकर दूर गिरा।
सूचना के बाद पहुंची पुलिस द्वारा घायल मनोज को अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों के मुताबिक तीन भाई-बहनों में मनोज सबसे छोटा था। मनोज की मौत के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

