निवर्तमान जिलाधिकारी के स्थानांतरण पर दी गई भावभीनी विदाई

निवर्तमान जिलाधिकारी के स्थानांतरण पर दी गई भावभीनी विदाई

 

जिलाधिकारी के उल्लेखनीय कार्यों को किया गया याद

 

कलेक्ट्रेट परिसर स्थित प्रेक्षागृह में आज जनपद के लोकप्रिय निवर्तमान जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र के विशेष सचिव, लोक निर्माण विभाग, उत्तर प्रदेश शासन में स्थानांतरण के पश्चात सफलतापूर्वक कार्यकाल उपरांत एक भव्य एवं गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर कलेक्ट्रेट एवं विकास भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, अध्यक्षगण, कलेक्ट्रेट बार संघ के अध्यक्ष, अधिवक्तागण, मीडिया प्रतिनिधि सहित अन्य द्वारा निवर्तमान जिलाधिकारी को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह, उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके सरल, संवेदनशीलता एवं कर्मठ व्यक्तित्व की सराहना की।

अपने संबोधन में निवर्तमान जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र ने सभी सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसेवा के कार्यों में टीम भावना और पारदर्शिता सर्वोपरि होती है। उन्होंने कहा कि जिले में कार्य करते हुए उन्हें सदैव सहयोग एवं स्नेह प्राप्त हुआ, जिसके लिए वे सभी के प्रति कृतज्ञ हैं।

अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी कार्यों को प्राथमिकता दी। इनमें राजस्व वादों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण, नियमित जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान, विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के दौरान निर्वाचन संबंधी कार्यों के समयबद्ध संपादन, पीली नदी के जीर्णोद्धार का कार्य, महाकुंभ की दौरान किए गए कार्यों, ठंड के दौरान कंबल वितरण, जनपद का सीडी राशियों बढ़ाने, मुख्यमंत्री उद्यमी विकास योजना में जनपद के उत्कृष्ट प्रदर्शन, गौशालाओं में भूसा एवं चोकर दान, तथा परीक्षाओं के दौरान परीक्षा केंद्रों के भीतर तथा बाहर छात्रों/अभिभावकों के लिए गुड़ एवं पानी की व्यवस्था, दशकों पुराने चकबंदी प्रक्रियाधीन गांव में चकबंदी की प्रक्रिया पूर्ण कराने, जैसे सराहनीय प्रयास शामिल रहे।

शिराज-ए-हिंद की धरती पर जिलाधिकारी के रूप में डॉ. दिनेश चंद्र सिंह जी उस विशाल वटवृक्ष की तरह थे, जिसकी शीतल छाया में हर पीड़ित, हर वंचित और हर आशावान मन को विश्राम मिलता रहा। पीली नदी के जीर्णोद्धार में उनका समर्पण मानो किसी तपस्वी की साधना थी, जो सूखी धरती में फिर से हरियाली और जीवन का संचार कर रही हो। उनकी पुस्तक “काल प्रेरणा” और “कर्मकुम्भ” में लिखित शब्दों में मानवता की सुगंध और समाज के प्रति गहरी करुणा झलकती है।

इस दौरान उपस्थित लोगों ने निवर्तमान जिलाधिकारी के व्यक्तित्व और कार्यों की सराहना करते हुए अपने अनुभवों को साझा किया।

समारोह के अंत में सभी उपस्थितजन ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 परमानंद झा, अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी उमाशंकर सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम उत्तर प्रदेश मिनिस्टीरियल कलेक्ट्रेट कर्मचारी संघ द्वारा आयोजित किया गया जिसमें जिलाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, संरक्षक शिवमोहन श्रीवास्तव, जिलामंत्री विजय प्रताप सिंह सहित अन्य की उपस्थिति रही।

इसके साथ ही कलेक्ट्रेट बार संघ में आयोजित एक कार्यक्रम में अध्यक्ष तथा अधिवक्तागण द्वारा निवर्तमान जिलाधिकारी को भावभीनी विदाई दी गई।

 

—————-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *