नीट पेपर लीक के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन

नीट पेपर लीक के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन
राष्ट्रीय छात्र परिषद ने पीएम को भेजा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग

जौनपुर,18 मई । यूपी के जौनपुर में नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और परीक्षा केंद्रों पर छात्रों के साथ हुए अनुचित व्यवहार के विरोध में सोमवार को राष्ट्रीय छात्र परिषद के कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में छात्रों ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन के माध्यम से सौंपा।
छात्र नेताओं ने कहा कि देश के लाखों विद्यार्थियों ने वर्षों की मेहनत और आर्थिक संघर्ष के बाद नीट परीक्षा की तैयारी की थी, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं ने शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि इससे छात्रों और उनके परिवारों की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने आरोप लगाया कि परीक्षा केंद्रों पर जांच के नाम पर विद्यार्थियों के धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों के साथ अनुचित व्यवहार किया गया। कलावा, जनेऊ, तिलक, मंगलसूत्र और अन्य वस्तुएं उतरवाए जाने से छात्रों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
छात्र परिषद ने मांग की कि नीट पेपर लीक प्रकरण की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कर दोषियों और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाया जाए।
छात्रों ने परीक्षा रद्द होने से हुए मानसिक, आर्थिक और शैक्षणिक नुकसान को देखते हुए जल्द निष्पक्ष वातावरण में पुनः परीक्षा आयोजित कराने की भी मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *