लखनऊ लाठीचार्ज के विरोध में जौनपुर के वकीलों का प्रदर्शन

लखनऊ लाठीचार्ज के विरोध में जौनपुर के वकीलों का प्रदर्शन
कार्य बहिष्कार कर कलेक्ट्रेट पहुंचे अधिवक्ता, डीएम को सौंपा ज्ञापन

जौनपुर,18 मई । यूपी के जौनपुर में लखनऊ में अधिवक्ताओं के चैंबरों पर बुलडोजर कार्रवाई और वकीलों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में सोमवार को दीवानी न्यायालय के अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। अधिवक्ताओं ने कार्य बहिष्कार कर अध्यक्ष सुभाष चंद्र यादव एवं मंत्री रण बहादुर यादव के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला और कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन को ज्ञापन सौंपा।
अधिवक्ताओं ने कहा कि अपने अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे वकीलों पर लाठीचार्ज कराना अत्यंत निंदनीय है तथा यह लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज न्यायपालिका का अभिन्न अंग है, जो संविधान और कानून की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में अधिवक्ताओं के सम्मान और अधिकारों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
वक्ताओं ने कहा कि वकीलों के चैंबरों को ध्वस्त करना उनके अधिकारों का हनन है और इससे न्यायिक व्यवस्था भी प्रभावित होती है। अधिवक्ताओं ने मांग की कि प्रदेश सरकार अधिवक्ताओं के लिए स्थायी वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करे तथा ध्वस्त चैंबरों को पुनः स्थापित कराया जाए। साथ ही दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई, नुकसान की भरपाई के लिए आर्थिक सहायता और एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को तत्काल लागू करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट बार अध्यक्ष घनश्याम सिंह, मंत्री मनोज मिश्रा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। इस दौरान अधिवक्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की चेतावनी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *