ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा (गौतमबुद्ध नगर)। नोएडा के वरिष्ठ पत्रकार एवं फिल्म निर्माता पवन राज सिंह की डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘पृथ्वी वासी’ को 14वें इंटरनेशनल डॉक्यूमेंट्री फिल्म फेस्टिवल-2026 में अवार्ड से सम्मानित किया गया। फिल्म का चयन फिल्म सिटी स्थित मारवाह स्टूडियो में इंटरनेशनल चैंबर ऑफ मीडिया एंड एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री द्वारा आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय महोत्सव में किया गया था।
पवन राज सिंह ने बताया कि डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘पृथ्वी वासी’ में मानव सभ्यता की शुरुआत से लेकर आधुनिक युग तक के विकास और उसके सफर को दर्शाया गया है। इससे पहले भी वह ‘श्रीजी गौ सदन’, ‘इस्कॉन मंदिर नोएडा’ और ‘हाउस ऑफ स्ट्रे एनिमल्स’ जैसी डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का निर्माण कर चुके हैं।
उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपनी पूरी टीम की मेहनत, समर्पण और रचनात्मक सोच को दिया। फिल्म की स्क्रिप्ट, रिसर्च और एडिटिंग में पंकज शर्मा ‘राज अत्री’ तथा वॉइस ओवर में आर. जे. गगन का विशेष योगदान रहा।
पवन राज सिंह ने फिल्म के चयन और सम्मान के लिए इंटरनेशनल चैंबर ऑफ मीडिया एंड एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के अध्यक्ष डॉ. संदीप मारवाह और ज्यूरी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
महोत्सव के संबंध में डॉ. संदीप मारवाह ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता श्रेणी में 150 डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का चयन किया गया था। डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्माण में उत्कृष्ट प्रतिभा और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न श्रेणियों में कुल 23 पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अलावा युवा फिल्म निर्माताओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से छात्रों की 11 फिल्मों को भी सम्मानित किया गया।

