नोएडा में महिलाओं पर कैंची से हमला करने वाला ‘सिजर अटैकर’ हुआ गिरफ्तार

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा : नोएडा के थाना सेक्टर-58 पुलिस ने महिलाओं और लड़कियों पर सुनसान सड़कों पर हमला करने वाले एक सनकी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी स्कूटी से पीछा कर महिलाओं पर पीछे से कैंची से हमला करता था और मौके से फरार हो जाता था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित वर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और फिलहाल खोड़ा कॉलोनी के प्रगति विहार इलाके में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, वह पिछले छह वर्षों से नोएडा की एक निजी कंपनी में एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत था।
एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि आरोपी सुनसान रास्तों पर अकेली महिलाओं और युवतियों को निशाना बनाता था। वह स्कूटी से उनके पास पहुंचकर पीछे से कैंची से हमला करता और तुरंत फरार हो जाता था।
मामले का खुलासा तब हुआ जब दो घायल महिलाएं थाना सेक्टर-58 पहुंचीं और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पीड़िताओं ने बताया कि वे सेक्टर-55 रोड से अपने घर लौट रही थीं, तभी एक स्कूटी सवार युवक ने पीछे से उन पर कैंची से हमला कर दिया। हमले में दोनों महिलाएं घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पीड़ित महिलाओं का मेडिकल परीक्षण कराया गया और आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गईं।
इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस ने शनिवार, 24 मई को सेक्टर-55 और 56 के बीच स्थित रोड से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी और कैंची भी बरामद कर ली है।
फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *