नौचंदी पुलिस का कारनामा, संपत्ति विवाद में 80 वर्षीय बुजुर्ग महिलाओं पर दर्ज किया मुकदमा
मेरठ। सिविल लाइन थाने में दो किसान नेताओं को थर्ड डिग्री दिए जाने की घटना को लेकर खाकी की लगातार फजीहत हो रही है। ऐसे में नौचंदी थाना क्षेत्र से भी एक ऐसा ही मामला सामने आया है। जहां संपत्ति विवाद में एसएसपी के आदेश के बावजूद पुलिस ने उल्टा 80 साल की दो पीड़िता बुजुर्ग महिलाओं के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर लिया। मंगलवार को व्यापारी नेता के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंची पीड़िताओं ने इस मामले में कार्यवाही की मांग की।
मेरठ व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष शैंकी वर्मा के साथ मंगलवार को फूलबाग कॉलोनी निवासी 80 वर्षीय सुशीला देवी अपनी 75 वर्षीय देवरानी राज मोगा को लेकर एसएसपी ऑफिस पहुंचीं। बुजुर्ग महिलाओं ने बताया कि उनके ससुर ने कुंज विहार स्थित एक मकान की वसीयत उनके नाम की थी।
आरोप है कि वर्ष 2026 में ससुर की मृत्यु के बाद बुजुर्ग महिलाओं के रिश्तेदारों ने 18 अगस्त को दोनों महिलाओं के साथ मारपीट करते हुए उन्हें घर से निकाल दिया। इसके बाद घर पर कब्जा करके बैठ गए। नौचंदी थाने में शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 20 अगस्त को दोनों बुजुर्ग महिलाओं ने तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडे से मामले की शिकायत की।
शैंकी वर्मा ने आरोप लगाया कि इस शिकायत से नाराज होकर नौचंदी पुलिस ने उल्टा दोनों बुजुर्ग महिलाओं के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर लिया और उन्हें जेल भेजने की धमकी दी जा रही है। जनसुनवाई कर रहे एसपी ट्रैफिक ने महिलाओं की गिरफ्तारी पर तुरंत रोक लगाते हुए मामले में जांच के आदेश दिए हैं।

