न्यायालय परिसर में हिंदी दिवस अवसर पर विशेष कार्यक्रम का हुआ आयोजन
मीरजापुर।
मीरजापुर। 14 सितंबर, 2026 को न्यायालय परिसर, मीरजापुर में हिंदी दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य न्यायिक कार्यों में हिंदी भाषा के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करना तथा हिंदी भाषा के प्रति सम्मान, गौरव एवं आत्मीयता की भावना को सुदृढ़ करना रहा। कार्यक्रम के दौरान जनपद न्यायाधीश अनुपम कुमार, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय संजय कुमार शुक्ला, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल कुमार सिंह, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आनन्द कुमार-II सहित समस्त सम्मानित न्यायिक अधिकारीगण द्वारा हिंदी भाषा से संबंधित कविताएं, विचार, संस्मरण, वक्तव्य एवं अपनी पसंद की संक्षिप्त प्रस्तुतियां दी गईं। इस अवसर पर प्रस्तुत कविताओं एवं विचारों के माध्यम से हिंदी भाषा की समृद्ध साहित्यिक परंपरा, उसकी सरलता, सहजता तथा जनसामान्य से उसके गहरे जुड़ाव को रेखांकित किया गया। विभिन्न न्यायिक अधिकारीगण द्वारा हिंदी भाषा के प्रति अपने अनुभव एवं संस्मरण भी साझा किए गए, जिससे कार्यक्रम में आत्मीयता, सौहार्द एवं जीवंतता का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संवेदना, विचार एवं सामाजिक जुड़ाव की सशक्त अभिव्यक्ति है। न्याय के क्षेत्र में सरल, सहज एवं जनसुलभ भाषा का विशेष महत्व है तथा न्यायिक कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग न्याय को आमजन के और अधिक निकट लाने में सहायक सिद्ध हो सकता है। कार्यक्रम का संचालन सिविल जज (जू.डि.), एफटीसी अभिषेक सिंह द्वारा किया गया
।

