बकहर पोषक नहर में विशालकाय मगरमच्छ से मचा हड़कंप
*चरवाहों ने मोबाइल में कैद की तस्वीर,सूचना के बाद भी नहीं पहुंची वन विभाग की टीम
मड़िहान/मीरजापुर। तहसील क्षेत्र के लुसा गांव स्थित बकहर पोषक नहर में विशालकाय मगरमच्छ घूमता हुआ दिखाई देने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। मगरमच्छ को नहर में घूमते देख चरवाहों ने मोबाइल के कैमरे में उसकी तस्वीर कैद कर ली, जिसके बाद से ग्रामीणों में खौफ का माहौल है। सूचना के बाद भी वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है। लुसा गांव निवासी नीलरतन सिंह पटेल ने बताया कि उनका खेत करौदा गांव के बॉर्डर से सटा हुआ है। सोमवार की सुबह वह खेत पर मजदूरों को लेकर धान की निराई करा रहे थे। इसी दौरान करौदा और लुसा गांव के चरवाहे अपने पशुओं को चराने के लिए बकहर पोषक नहर की तरफ ले गए थे। तभी उनकी नजर नहर के पानी में घूम रहे विशालकाय मगरमच्छ पर पड़ी। चरवाहों ने हिम्मत दिखाते हुए मगरमच्छ की तस्वीर अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर ली और तुरंत गांव में सूचना दी। ग्रामीणों ने तत्काल मड़िहान वन क्षेत्राधिकारी को फोन कर नहर में मगरमच्छ होने की जानकारी दी। आरोप है कि वन क्षेत्राधिकारी ने हल्का अपने क्षेत्र में है या नही इसकी जानकारी नही होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया और खुद भी मौके पर नहीं पहुंचे। घंटों बीत जाने के बाद भी कोई भी संबंधित अधिकारी या रेस्क्यू टीम मौके पर सुध लेने नहीं पहुंची। नहर में मगरमच्छ होने की खबर से क्षेत्रीय पशुपालकों में भय बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि रोजाना सैकड़ों पशु नहर में पानी पीने के लिए जाते हैं। अगर कोई भी पशु पानी पीने के लिए नहर में उतरता है तो मगरमच्छ उसके जीवन के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। इसके साथ ही खेतों में काम करने वाले मजदूर भी नहर के किनारे जाने से डर रहे हैं।क्षेत्रीय लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द रेस्क्यू टीम भेजकर नहर से मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर बाहर निकाला जाए और किसी बड़ी अनहोनी को होने से रोका जाए।

