पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा की नीतियों से किसान, मजदूर, व्यापारी और युवा परेशान: अखिलेश यादव

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा की नीतियों से किसान, मजदूर, व्यापारी और युवा परेशान: अखिलेश यादव
लखनऊ, (आरएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर राजनीतिक लाभ के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में साम्प्रदायिक और जातिगत विभाजन पैदा करने तथा इसके जरिए क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को व्यवस्थित रूप से नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण खेती-किसानी, उद्योग, हस्तशिल्प और निर्यात प्रभावित हुए हैं। सरकारी नौकरियों में भर्ती नहीं हो रही है, खेलों को पर्याप्त प्रोत्साहन नहीं मिल रहा और शिक्षा व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश कभी खेती, उद्योग, हस्तशिल्प और कारोबार के क्षेत्र में देश के महत्वपूर्ण हिस्सों में रहा है, लेकिन भाजपा सरकार की नीतियों ने इन क्षेत्रों को गंभीर संकट में डाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हैंडीक्राफ्ट और निर्यात का कारोबार बर्बाद हुआ है तथा कारखानों में श्रमिक असंतोष बढ़ने दिया गया, जिससे औद्योगिक गतिविधियां प्रभावित हुईं।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में किसानों पर अत्याचार हो रहा है और उनकी खेती की जमीन छीनने के प्रयास किए जा रहे हैं। जीएसटी व्यवस्था के नाम पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि छोटे व्यापारियों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ भी अपमानजनक व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया।सपा अध्यक्ष ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था को लगातार कमजोर किया जा रहा है और स्कूलों तथा जौहर विश्वविद्यालय को बंद करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को डराकर उन्हें घर बैठाने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की दस्तकारी और हस्तकारी को भी जानबूझकर समाप्त किया जा रहा है।अखिलेश यादव ने अमेरिकी व्यापार समझौते और बढ़े टैरिफ का जिक्र करते हुए कहा कि इसका सबसे अधिक नुकसान पश्चिमी उत्तर प्रदेश को हुआ है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसानों के साथ-साथ मुरादाबाद, अलीगढ़, सहारनपुर, मेरठ और अन्य स्थानों के कारखानों तथा हस्तशिल्प कारोबार पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों का बड़ा आंदोलन हुआ, लेकिन सरकार ने उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए।उन्होंने भाजपा पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़कर कारोबारियों में भय पैदा करने का भी आरोप लगाया। अखिलेश यादव ने कहा कि विभिन्न वर्गों के साथ अन्याय और उत्पीड़न की घटनाओं से लोगों में असंतोष बढ़ा है। उन्होंने कहा कि पिछले 10-15 वर्षों से लगातार हो रहे उत्पीड़न, उपेक्षा और अत्याचार के कारण पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसान, मजदूर-श्रमिक, हस्तशिल्पी, युवा, महिलाएं, खिलाड़ी, कलाकार, दुकानदार, व्यापारी, कारोबारी, निर्यातक और उद्योगपति अब जागरूक हो चुके हैं।अखिलेश यादव ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और उसके सहयोगियों के लिए सबसे अप्रत्याशित राजनीतिक परिणाम पश्चिमी उत्तर प्रदेश से सामने आएगा। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मतदाताओं के वोटों का सौदा कोई नहीं कर पाएगा और क्षेत्र के लोग अब किसी के बहकावे में नहीं आएंगे।

———–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *