पाहरुआ कलां का ऐतिहासिक कछुआ तालाब बनेगा जैव विविधता संरक्षण का मॉडल केंद्र*

 

*पाहरुआ कलां का ऐतिहासिक कछुआ तालाब बनेगा जैव विविधता संरक्षण का मॉडल केंद्र*

 

*ब्यूरो रिपोर्ट-जनार्दन श्रीवास्तव*

 

*शाहजहांपुर* जनसहभागिता, पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत विकास खंड मिर्जापुर के ग्राम पाहरुआ कलां स्थित ऐतिहासिक कछुआ तालाब का जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह एवं ब्लॉक प्रमुख प्रियांशु रघुवंशी ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तालाब के संरक्षण, सौंदर्यीकरण एवं कछुओं के सुरक्षित आवास के विकास हेतु विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, जल निकासी की समुचित व्यवस्था हेतु नालियों को बड़े नाले से जोड़ा जाए, तालाब के चारों ओर पाथ-वे का निर्माण किया जाए तथा नेचर बेस्ड सॉल्यूशन (प्रकृति आधारित समाधान) अपनाकर इसे एक आदर्श जैव विविधता संरक्षण स्थल के रूप में विकसित किया जाए उन्होंने व्यापक वृक्षारोपण, स्वच्छता एवं प्राकृतिक आवास संरक्षण पर विशेष बल दिया। ब्लॉक प्रमुख प्रियांशु रघुवंशी ने कछुआ तालाब को क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहर बताते हुए इसके संरक्षण में जनसहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह स्थल केवल एक जलाशय नहीं, बल्कि स्थानीय आस्था और प्राकृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने तालाब के पुनर्जीवन हेतु किए जा रहे प्रयासों के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने भगवान विष्णु के कूर्म अवतार का उल्लेख करते हुए कछुओं के धार्मिक एवं पारिस्थितिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से चल रहे व्यापक स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान के परिणामस्वरूप तालाब का मूल स्वरूप पुनः उभरकर सामने आया है तथा आगामी दो माह में इसे और अधिक विकसित एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जाएगा। उन्होंने ग्रामवासियों, युवाओं एवं स्वयंसेवी संगठनों से इस संरक्षण अभियान को जनआंदोलन का रूप देने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले युवाओं—प्रेम सरन शर्मा, ऋषि सिंह, देवसरन शर्मा, धर्मेन्द्र सिंह, रंजीत, अजय शर्मा, बदन सिंह एवं सुरजन सिंह—को “कछुआ मित्र सम्मान” प्रदान कर सम्मानित किया गया वहीं ब्लॉक प्रमुख प्रियांशु रघुवंशी एवं लोक भारती महानगर संयोजक आलोक मिश्रा को भगवान विष्णु के कूर्म अवतार की प्रतिमा भेंट कर उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। वरिष्ठ शिक्षाविद बृज किशोर शर्मा ने जिलाधिकारी को स्मृति चिन्ह भेंट कर ग्राम के विकास एवं तालाब संरक्षण हेतु किए जा रहे प्रयासों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ समाजसेवी कृष्ण कुमार सिंह, दिलीप गुप्ता, वीरभान सिंह, करणी सेना के जिला अध्यक्ष ठाकुर सूर्य प्रताप सिंह, गंगा समग्र से मैथिलीशरण गुप्त, स्थानीय ग्रामवासी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि के पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी सुखवीर सिंह, तहसीलदार सृजत कुमार, क्षेत्रीय वनाधिकारी विशाल रावत, खंड विकास अधिकारी धर्मेश चंद्र, कानूनगो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला परियोजना अधिकारी डॉ. विनय कुमार सक्सेना द्वारा किया ग

या।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *