पिकअप ने पिता-पुत्र को रौंदा, दोनों की मौत
मुंडन संस्कार से लौटते समय हादसा, दो बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
तीन साल के बेटे समेत पिता की गई जान, मां हुई बदहवास
बाराबंकी। मसौली थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और उसके तीन साल के बेटे की मौत हो गई। दोनों साइकिल से जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, जिला मुख्यालय से करीब 13 किलोमीटर दूर करीमाबाद निवासी ननकू गौतम (42) खेतों में काम करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी अनीता (32), सात वर्षीय बेटी शिल्पी, चार वर्षीय बेटी रागिनी और तीन वर्षीय बेटा अंकुश था। रविवार को ननकू अपनी चचेरी बहन के यहां आयोजित मुंडन संस्कार में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद देर रात भोजन कर वह अपने बेटे अंकुश के साथ साइकिल से डुबकी स्थित अपने फूफा सुमिरन के घर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार पिकअप ने साइकिल को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, अंधेरा होने के कारण चालक को साइकिल सवार दिखाई नहीं दिए। टक्कर के बाद पिता-पुत्र पिकअप के नीचे फंस गए और वाहन के साथ करीब 100 मीटर तक घिसटते चले गए। साइकिल घिसटने की आवाज सुनकर चालक ने वाहन रोककर देखा तो दोनों टायरों में फंसे थे। इसके बाद चालक दोनों को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। राहगीर की सूचना पर मसौली थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस को सड़क पर खून के निशान और करीब 100 मीटर तक घिसटने के संकेत मिले। घटनास्थल पर काफी तलाश के बावजूद साइकिल नहीं मिली। पुलिस ने दोनों शवों को सीएचसी बड़ागांव पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलने के बाद पत्नी अनीता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंची अनीता रो-रोकर बेहाल हो गई। उसने बताया कि रात में हुए हादसे की जानकारी उसे नहीं थी। सुबह पुलिस का फोन आने पर उसे पति और बेटे की मौत का पता चला। पति और बेटे को एक साथ खोने के सदमे में अनीता बार-बार अपनी दोनों बेटियों के भविष्य को लेकर सवाल करती रही। परिवार के कमाने वाले सदस्य की मौत से घर पर संकट गहरा गया है। एक ही हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं और दो मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठा दिया। मसौली थाना प्रभारी छोटेलाल ने बताया कि हादसा रात करीब 11ः30 बजे हुआ। राहगीर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है।

