पीआरडी जवानों ने देखा मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण

पीआरडी जवानों ने देखा मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण

 

महायोगी गुरु गोरखनाथ की पावन धरा गोरखपुर स्थित योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र, रामगढ़ताल में आयोजित प्रांतीय रक्षक दल के जवानों के सम्मेलन एवं विभिन्न विकास कार्यों के शुभारंभ कार्यक्रम का जनपद जौनपुर में सजीव प्रसारण किया गया। कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में मा० विधायक मड़ियाहू डॉ० आर.के. पटेल, मा० एमएलसी श्री बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’, जिलाध्यक्ष भाजपा मछलीशहर श्री अजय सिंह, जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री ध्रुव खाड़िया की उपस्थिति में प्रांतीय रक्षक दल के जवानों एवं संबंधित अधिकारियों ने मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।

 

कार्यक्रम के दौरान मा० मुख्यमंत्री जी ने प्रांतीय रक्षक दल के जवानों के योगदान एवं दायित्वों की सराहना करते हुए उनके कल्याण के लिए शासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। इस अवसर पर लखनऊ के ग्राम एटर पश्चिम, सरोजनी नगर में लगभग 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास तथा मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ भी किया गया।

 

इस अवसर पर प्रेक्षागृह में चल रहे कार्यक्रम में मा० जनप्रतिनिधिगण द्वारा उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 10 प्रांतीय रक्षक दल के जवानों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

 

इस अवसर पर मा० विधायक मड़ियाहू डॉ० आर.के. पटेल ने कहा कि शासन द्वारा पीआरडी जवानों के कल्याण, आवासीय सुविधाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। बहुमंजिला पीआरडी बैरक के निर्माण से जवानों को बेहतर एवं सुविधाजनक आवासीय व्यवस्था उपलब्ध होगी। वहीं मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना के माध्यम से जवानों एवं उनके परिवारों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

 

मा० एमएलसी श्री बृजेश सिंह ‘प्रिंसू’ ने कहा कि मा० मुख्यमंत्री जी द्वारा समाज के सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पीआरडी जवान विभिन्न शासकीय कार्यों, कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, आपदा प्रबंधन तथा महत्वपूर्ण आयोजनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विपरीत परिस्थितियों में भी उनके द्वारा पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया जाता है।

 

जिलाध्यक्ष उपस्थित पीआरडी जवानों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पीआरडी जवान शासन एवं प्रशासन की विभिन्न व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करते हैं। जनसेवा की भावना, तत्परता एवं अनुशासन उनके कार्य की प्रमुख विशेषताएं हैं।

 

सजीव प्रसारण के दौरान कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में उपस्थित पीआरडी जवानों में उत्साह एवं प्रसन्नता का माहौल रहा। जवानों ने शासन द्वारा उनके हित में किए जा रहे कल्याणकारी प्रयासों एवं योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

इस अवसर पर संबंधित अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में प्रांतीय रक्षक दल के जवान उपस्थित रहे।

——

—————-

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *