पुल पर ई-रिक्शा खड़ा कर लापता हुआ चालक, नहर में कूदने की आशंका
सीतापुर। पैंतेपुर पुल पर गुरुवार सुबह ई-रिक्शा खड़ा कर चालक के लापता होने से हड़कंप मच गया। पुल पर ई-रिक्शा मिलने के बाद आसपास के लोगों ने चालक के नहर में कूदने की आशंका जताई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम की मदद से नहर में युवक की तलाश शुरू कर दी है। महमूदाबाद के बेलदारी टोला निवासी हसीब (30) पुत्र जमील गुरुवार सुबह करीब आठ बजे अपना ई-रिक्शा पैंतेपुर पुल पर खड़ा करके कहीं चला गया। काफी देर बाद भी जब वह वापस नहीं लौटा तो लोगों को शक हुआ। मौके पर केवल ई-रिक्शा खड़ा मिला, जबकि चालक का कोई पता नहीं चल सका। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पैंतेपुर चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। युवक के नहर में कूदने की आशंका को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने नहर में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस युवक के बारे में अन्य संभावित स्थानों पर भी जानकारी जुटा रही है। कोतवाल भानु प्रताप सिंह ने बताया कि ई-रिक्शा पुल पर खड़ा मिला है। युवक के नहर में कूदने की आशंका के चलते एसडीआरएफ की मदद से उसकी तलाश कराई जा रही है। युवक के मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी
।

