पृथ्वी दिवस पर विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता, प्रतियोगिता व सम्मान समारोह आयोजित

पृथ्वी दिवस पर विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता, प्रतियोगिता व सम्मान समारोह आयोजित

(राजन तिवारी सिटी रिपोर्टर)

अयोध्या।पृथ्वी दिवस के अवसर पर ग्रामीण कृषि मौसम सेवा परियोजना के अंतर्गत कृषि मौसम प्रक्षेत्र इकाई, आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज, अयोध्या द्वारा महारानी सुखमता इंटर कॉलेज, बांसगांव, ब्लॉक अमानीगंज में चित्रकला (पेंटिंग/ड्राइंग) एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता के साथ-साथ पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों में डॉ. सीताराम मिश्रा (प्रोफेसर एवं अध्यक्ष, मौसम विभाग), डॉ. अनिल कुमार सिंह (प्रोफेसर) एवं डॉ. अमरनाथ मिश्रा (मौसम वैज्ञानिक) शामिल रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पृथ्वी संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला।डॉ. सीताराम मिश्रा ने कहा कि पृथ्वी दिवस केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि यह हमें प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष पृथ्वी दिवस की थीम “Invest in Our Planet” है, जिसका अर्थ है कि हमें अपनी पृथ्वी को बचाने के लिए केवल विचार ही नहीं, बल्कि सक्रिय प्रयास करने होंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने एवं जल संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास, जैसे एक पेड़ लगाना, जल और बिजली का संतुलित उपयोग करना तथा प्लास्टिक का कम प्रयोग करना, बड़े परिवर्तन ला सकते हैं और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।डॉ.अनिल कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि जलवायु परिवर्तन आज वैश्विक स्तर पर एक गंभीर चुनौती बन चुका है, जिससे निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होना आवश्यक है।उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास भी बड़े बदलाव ला सकते हैं।डॉ. अमरनाथ मिश्रा ने कहा कि बदलते मौसम चक्र का सीधा प्रभाव कृषि पर पड़ता है, ऐसे में पर्यावरण संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच अपनाने और प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में तीन आयु वर्गों में विजेताओं का चयन किया गया। निम्न आयु वर्ग में आशी शुक्ला ने प्रथम, रवि ने द्वितीय तथा सुंदरम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मध्यम आयु वर्ग में आफरीन प्रथम, जांसी द्वितीय और अदिति तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं उच्च आयु वर्ग में शक्ति तिवारी ने प्रथम, महक बानो ने द्वितीय तथा यशी मिश्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त 14 प्रतिभागियों को संतावना पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य उमानाथ शुक्ल ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस अवसर पर रविंद्र पांडेय, अजय पांडेय, राजीव शुक्ला, बिहारी मिश्रा, शंख माधव त्रिपाठी, इंद्रजीत पाल सिंह, शुभम पांडेय, रेनू शुक्ला, ज्योति यादव, डाली, अंकिता सिंह, उपासना शुक्ला सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण के संकल्प लेते हुए एवं जागरूकता का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *