(बलरामपुर) शिक्षक से 10 हजार रुपये मांगने और वीडियो वायरल करने के आरोप में यूट्यूबर दीपक यादव सहित तीन गिरफ्तार
बलरामपुर, 15 अक्टूबर (आरएनएस)। शासकीय विद्यालय के शिक्षक को कथित तौर पर धमकाकर रुपये मांगने और सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित करने के मामले में पस्ता पुलिस ने यूट्यूबर दीपक यादव सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर शिक्षक से अपने फाउंडेशन के लिए 10 हजार रुपये मांगने, रुपये नहीं देने पर वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित कर बदनाम करने और नौकरी से निलंबित कराने की धमकी देने का आरोप है। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, पस्ता थाना क्षेत्र के शासकीय प्राथमिक शाला पुटसु में पदस्थ सहायक शिक्षक एवं प्रभारी प्रधान पाठक रुकमण बारीक ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 25 अगस्त 2026 को दोपहर करीब एक बजे श्रवण यादव और सूर्या यादव विद्यालय पहुंचे और बिना अनुमति वीडियो बनाने लगे। इस दौरान शिक्षक के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप है कि उनसे 10 हजार रुपये की मांग की गई और रकम नहीं देने पर वीडियो को यूट्यूब एवं फेसबुक पर प्रसारित कर बदनाम करने तथा नौकरी से निलंबित कराने की धमकी दी गई।
० सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित करने का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, यूट्यूबर दीपक यादव ने अन्य आरोपियों के सहयोग से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। इससे उनकी व्यक्तिगत और सामाजिक प्रतिष्ठा के साथ विद्यालय की छवि प्रभावित हुई। शिकायत के आधार पर पस्ता थाने में अपराध क्रमांक 44/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 221, 351(2), 308(2), 356(3) और 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
० जांच के दौरान साक्ष्य जुटाए
पुलिस ने विवेचना के दौरान शिकायतकर्ता और गवाहों के बयान दर्ज किए। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और तस्वीरों के स्क्रीनशॉट से संबंधित सामग्री पेन ड्राइव में जब्त की गई। शिकायतकर्ता की नियुक्ति और पदस्थापना से जुड़े दस्तावेज भी प्राप्त किए गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दीपक यादव ने अग्रिम जमानत के लिए बिलासपुर उच्च न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया था, जिसे न्यायालय ने निरस्त कर दिया था।
० न्यायालय में आत्मसमर्पण के बाद गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर को तीनों आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। इसके बाद न्यायालय से गिरफ्तारी की अनुमति लेकर पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया। आवश्यक कार्रवाई के बाद तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में दीपक यादव (23 वर्ष), निवासी ग्राम टांगरमहरी,
श्रवण यादव (34 वर्ष), निवासी ग्राम पुटसु व सूर्या यादव (20 वर्ष), निवासी इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक 4, बलरामपुर है। पुलिस के अनुसार, मामले में शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है। आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी।
बंछोर
000

