बालिग युवती ने परिवार की मर्जी के खिलाफ रचाया विवाह, डीएम और एसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार
आजमगढ़
जनपद के थाना बिलरियागंज क्षेत्र के कांखभार (तेन्दुआ) निवासी एक युवती ने परिजनों की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह करने के बाद अपने और अपने पति के परिवार के जान-माल की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) को प्रार्थना पत्र सौंपा है। युवती ने परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी (FIR) को रद्द करने और दबंगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूजा कुमारी पुत्री नगीना निवासी मौजा कांखभार (तेन्दुआ), थाना बिलरियागंज ने मऊ के प्रसिद्ध मां शीतला मंदिर में 26 अगस्त 2026 को गाजीपुर जनपद के जहूराबाद निवासी राजाराम पुत्र लोहा राम के साथ हिन्दू रीति-रिवाज से विवाह रचाया था।युवती का कहना है कि वह पूर्णतः बालिग है और अपने अच्छे-बुरे का फैसला लेने में सक्षम है। शादी के बाद से ही दोनों पति-पत्नी के रूप में साथ रह रहे हैं। आरोप है कि शादी से नाराज मायके वालों ने बिलरियागंज थाने में पति व उनके परिवार के खिलाफ झूठी और फर्जी प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज करा दी है।युवती ने आरोप लगाया है कि उसके मायके पक्ष के लोग (भाई मनीष व अन्य साथी) उसके पति और ससुराल वालों को असलहा (कट्टा) दिखाकर लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं तथा गाली-गलौज कर रहे हैं। युवती ने आशंका जताई है कि यदि उसके पति या ससुराल पक्ष के साथ कोई अप्रिय घटना घटती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी उसके मायके वालों की होगी।युवती ने जिलाधिकारी आजमगढ़ को पत्र सौंपकर गुहार लगाई है कि मायके वालों द्वारा बिलरियागंज थाने में दर्ज कराई गई झूठी एफआईआर को तत्काल निरस्त किया जाए।उसके, उसके पति और ससुराल पक्ष के जान-माल की पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की जाए।

