बी०कॉम० सेमेस्टर-1 में प्रवेश हेतु आनलाइन काउंसिलिंग आज 

बी०कॉम० सेमेस्टर-1 में प्रवेश हेतु आनलाइन काउंसिलिंग आज

प्रयागराज। प्राचार्या, जगत तारन गर्ल्स डिग्री कालेज, प्रयागराज ने बताया हैं कि महाविद्यालय में सत्र 2026-27 बी०कॉम० सेमेस्टर-I (स्ववित्त पोषित) की काउंसिलिंग प्रारम्भ है। वे छात्राएं जिन्होंने महाविद्यालय के प्रवेश पोर्टल पर सीयूईटी (यूजी)-2026 तथा गैर सीयूईटी-2026 के अंतर्गत 19 अगस्त अपराह्न 02:30 बजे तक पंजीकरण कराया है, ऐसे अभ्यर्थियों को एसएमएस एवं प्रवेश पोर्टल के माध्यम से भी ऑनलाइन काउंसिलिंग तिथि की सूचना भेज दी गयी है) उनका ऑनलाइन काउन्सिलिंग आज 20 अगस्त को प्रातः 10.00 से अपराह्न 02.00 बजे तक होगी।

ऑनलाइन काउंसिलिंग के पश्चात् बी०काम० कोर्स शुल्क जमाकर ऑफलाइन वेरीफिकेशन हेतु छात्राओं को महाविद्यालय में समस्त मूल प्रमाण पत्रों व उनकी प्रतिलिपि एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ 05 कार्य दिवसों के भीतर महाविद्यालय में स्वयं प्रवेश समिति के सामने उपस्थित होना होगा। काउन्सिलिंग मेरिट के आधार पर होगी। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया सीटों की उपलब्धता तक लगातार चलती रहेगी। काउन्सिलिंग की सूचना महाविद्यालय की वेबसाइट एवं प्रवेश पोर्टल पर अद्यतन की जाती रहेगी। निर्धारित तिथि को उपस्थ्ति नहीं होने वाली छात्राओं की सीट आबंटन रद्द कर दिया जायेगा।

पंजीकृत छात्राओं की मेरिट के अनुसार आनॅलाइन काउन्सिलिंग की सूचना उन्हें अलग से दे दी गयी है। प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को महाविद्यालय में सत्यापन काउन्सिलिंग प्रक्रिया स्थगित रहेगी, जबकि ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया सीटों की उपलब्धता तक सभी दिन चलती रहेगी।

आगे सूचना हेतु छात्राएं महाविद्यालय की वेबसाइट jtgdc.ac.in की नोटिस तथा महाविद्यालय के नोटिस बोर्ड को लगातार देखती रहें।

 

 

 

 

फोटो

जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाना मकसद- जरिता

प्रयागराज। कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव एवं संगठन सृजन अभियान की पर्यवेक्षक जरिता लतफलांग ने कहा कि संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य पार्टी का संगठनात्मक पुनर्गठन कर उसे बूथ, वार्ड से लेकर जिला और प्रदेश स्तर तक मजबूत करना है।

बुधवार को नूरुल्लाह रोड स्थित गेस्ट हाउस में शहर पश्चिम के पदाधिकारियों, वार्ड और ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संगठन में विकेंद्रीकरण और पारदर्शिता को बढ़ावा दिया जाएगा।

बैठक की अध्यक्षता शहर अध्यक्ष फुजैल हाशमी ने की। संचालन पूर्व प्रदेश प्रवक्ता किशोर वाष्र्णेय ने किया। इस दौरान तस्लीमुद्दीन, विजय मिश्रा, मुमताज अंसारी, हरिकेश त्रिपाठी, अरशद अली, अनूप त्रिपाठी, परवेज सिद्दीकी, शशि प्रकाश, शाह नवाज कुरैशी, दीपचंद शर्मा, अफरोज अहमद सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

 

 

 

बाढ़ के पानी में डूबने से छात्र की मौत

फोट

प्रयागराज। थरवई थाना क्षेत्र के चकिया घाट बहमलपुर के एक छात्र की बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चकिया घाट बहमलपुर गांव के अशोक कुमार की भैंस मंगलवार को कछार में चरने गई थी। देर रात तक भैंस वापस नहीं आई। अशोक कुमार परिजनों के साथ भैंस की तलाश कर रहे थे। कक्षा ग्यारह में पढ़ने वाला 16 वर्षीय उनका बेटा कविन्द्र कुमार उर्फ गोरे लाल कछार में बलीपुर गांव के सामने गहरे पानी में डूब गया। आसपास मवेशी चरा रहे लोगों ने शोर मचाया तो मौके पर पहुंचे परिजन जब तक कविन्द्र को बाहर निकालते उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना पाकर इंस्पेक्टर पंकज सिंह मौके पर पहुंचे। सोरांव तहसील से लेखपाल अरविन्द यादव भी पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। कविन्द्र कुमार चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। बेटे की मौत से मां गीता देवी और अन्य परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।

 

 

 

 

फोटो

मोबाइल कैमरे ने बदली फोटोग्राफी की दुनिया- जितेन्द्र प्रकाश

हर हाथ में कैमरा और हर पल एक कहानी

प्रयागराज। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में फोटोग्राफी के बदलते स्वरूप, मोबाइल कैमरे के बढ़ते प्रभाव और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में इसकी उपयोगिता पर वक्ताओं ने अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि तकनीक ने फोटोग्राफी को आसान, सुलभ और आम लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बना दिया है।

वरिष्ठ फोटो पत्रकार जितेंद्र प्रकाश ने कहा कि बदलते दौर के साथ फोटोग्राफी में भी व्यापक परिवर्तन आया है। आज लगभग हर व्यक्ति के हाथ में मोबाइल कैमरा है और वह अपने जीवन के हर महत्वपूर्ण पल को कैमरे में कैद कर रहा है। फोटोग्राफी अब केवल पेशेवर फोटोग्राफरों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि यह अभिव्यक्ति का एक सशक्त माध्यम बन चुकी है। हर उम्र के लोग फोटोग्राफी की ओर आकर्षित हो रहे हैं और अपने नजरिए से दुनिया को तस्वीरों के माध्यम से सामने रख रहे हैं।

मुख्य वक्ता चार्टर्ड अकाउंटेंट अनिल गुप्ता ने कहा कि मोबाइल फोन ने फोटोग्राफी को बेहद आसान बना दिया है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पहले यात्रा पर जाते समय कैमरा साथ ले जाना जरूरी होता था। परिवार में भी वह अकेले फोटोग्राफी करते थे, लेकिन अब उनकी पत्नी और बेटी उनसे अधिक फोटोग्राफी करती हैं।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि समाजसेवी मोहित पाण्डेय, डॉ. पंकज गुप्ता और जेन जी फोटोग्राफर, ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर समाजसेवी मनोज कुमार सिंह, दिलीप सिंह, अन्वेष वर्मा, विकास सिंह, वीरेंद्र प्रकाश, कमरूल हसन, शशांक शेखर दुबे, अवधेश मिश्रा सहित कई छायाकार, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

 

 

 

फोटो

तुलसीदास का साहित्य सांस्कृतिक एकात्मता का जीवंत आधार- कुलपति

गोस्वामी तुलसीदास जयन्ती के अवसर पर एनजीबीयू में आयोजित हुई विचार-गोष्ठी

प्रयागराज। भक्त-शिरोमणि, रामकथा के अमर गायक एवं हिन्दी साहित्य के महान कवि गोस्वामी तुलसीदास की जयन्ती के अवसर पर नेहरू ग्राम भारती मानित विश्वविद्यालय, प्रयागराज के हिन्दी विभाग द्वारा मुख्य परिसर स्थित सभाकक्ष में एक विचार-गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. बृजबिहारी तिवारी ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि तुलसीदास भारतीय लोकजीवन और सांस्कृतिक चेतना के सशक्त स्वर थे। प्रति-कुलपति डॉ. एस.सी. तिवारी ने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास का कृतित्व केवल हिन्दी साहित्य की अमूल्य धरोहर नहीं, बल्कि भारतीय समाज की सांस्कृतिक स्मृति, नैतिक चेतना और लोकजीवन का अभिन्न हिस्सा है।

डॉ. राजेश कुमार तिवारी ने रेखांकित किया कि तुलसीदास की रचनाओं में भक्ति के साथ-साथ लोकमंगल, मर्यादा, करुणा, समन्वय, मानवीय मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और सांस्कृतिक एकात्मता की व्यापक दृष्टि दिखाई देती है।

इस अवसर पर डॉ. सव्यसाची, प्रो. बृजेन्द्र मिश्र, डॉ. ममता मिश्रा और डॉ. आदिनाथ ने अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम का आयोजन हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. हिमांशु शेखर सिंह के मार्गदर्शन एवं संयोजन में किया गया। संगोष्ठी का सफल संचालन डॉ. राघवेन्द्र मालवीय तथा धन्यवाद डॉ. आलोक कुमार मिश्र ने किया। इस अवसर पर डॉ. आशीष शिवम, डॉ. संतेश्वर मिश्रा, डॉ. छाया मालवीय, डॉ. मोनिका गुप्ता, डॉ. अरविन्द शुक्ला, डॉ. संजय पांडे, डॉ. किरण सिंह, डॉ. मंजू शुक्ला, डॉ. विष्णु प्रसाद शुक्ला, डॉ. संजय भारती, डॉ. भूप नारायण, डॉ. संतोष शुक्ला, डॉ. मोहम्मद वाकिफ, अंजलि सिंह, अनुभूति दीक्षित आदि की महत्वपूर्ण उपस्थिति रही।

 

 

 

 

संस्कृत विद्यालयों के प्रधानाचार्यो की बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा

प्रयागराज। प्रयागराज के सभी सहायता प्राप्त संस्कृत महाविद्यालय, संस्कृत माध्यमिक विद्यालय एवं मान्यता प्राप्त संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्य व प्रधानाचार्यों की बैठक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में आयोजित की गयी। बैठक की अध्यक्षता जिला विद्यालय निरीक्षक प्रयागराज डॉ सन्तोष कुमार राय ने की।

बैठक में संस्कृत विद्यालयो में छात्र नामांकन की स्थिति, छात्रवृत्ति आनलाइन आवेदन पत्र भरे जाने की स्थित, यू-डायस,इको क्लब का गठन, एनपीएस कटौती, शिक्षण कार्य की गुणवत्ता, मिड डे मील संचालन की स्थिति, शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति, प्रोजेक्ट अलंकार की आवेदित विद्यालय का नाम स्वीकृत विद्यालय का नाम अवशेष, विद्यालय का नाम, किस-किस विद्यालय में एकल परिचालन से वेतन भुगतान हो रहा है आदि विभिन्न मुद्दों पर जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ सन्तोष कुमार राय द्वारा प्रधानाचार्यो से चर्चा की गई एवं आवश्यक निर्देश दिए गए।

 

 

 

 

फोटो

नॉर्दन फुटबॉल अकादमी उपविजेता

तीन जीत एवं दो ड्रॉ के साथ नॉर्दन अकादमी नेक्स्ट जनरेशन यूथ कप अंडर-13 फुटबॉल प्रतियोगिता में रही उपविजेता

प्रयागराज। पंजाब फुटबॉल एसोसिएशन के तत्वाधान में पंजाब स्पोर्टिंग फुटबॉल अकादमी द्वारा आयोजित आल इंडिया नेक्स्ट जनरेशन यूथ कप अंडर 13 फुटबॉल प्रतियोगिता जो की गुरु नानक देव विश्विविद्यालय अमृतसर पंजाब के फुटबॉल मैदान प़र खेली जा रही है में आज प्रयागराज की नॉर्दन फुटबॉल अकादमी उपविजेता होने का गौरव प्राप्त किया।

मुख्य प्रशिक्षक इंद्रनील घोष के अनुसार अंडर-13 ग्रुप में नॉर्दन फुटबॉल अकादमी ने अपने अंतिम लीग मुकाबले मे गुरप्रीत फुटबॉल अकादमी पठानकोट को एक काटें के मुक़ाबले में 2-0 से हराया। इस लीग प्रतियोगिता मैं कुल 6 टीमों ने प्रतिभाग किया जिसमें नॉर्दन ने 6 मैच खेलकर तीन जीत एवं दो ड्रा के साथ नॉर्दन अकादमी अंक तालिका में दूसरे स्थान के साथ उपविजेता रही।

मुख्य अतिथि ने विजेता ट्रॉफी एवं बीस हजार रुपए पंजाब स्पोर्टिंग फुटबॉल अकादमी एवं उपविजेता ट्रॉफी एवं दस हजार रुपए नॉर्दन फुटबॉल अकादमी टीम को दिए।

उपविजेता टीम में परबजोत सिंह (गोलकीपर), परम (उप कप्तान), उत्कर्ष गुप्ता (कप्तान), लवप्रीत सिंह , सक्षम ओराओं , प्रिंस, कृष्णा, मिलन, रूद्र प्रताप, शीर्ष मिश्रा, अर्णव सिंह, स्पर्श सिंह, अन्नंत पांडेय, शिवांश पटेल, वीर पाल, रक्षित राज शामिल रहे।

टीम के मुख्य प्रशिक्षक इंद्रनील घोष, सहायक मैनेजर वेदांत त्रिपाठी और मैनेजर हर्षित ओझा रहे।

 

 

 

 

फोटो

छात्रों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करे विश्वविद्यालय प्रशासन- एबीवीपी

विभिन्न विषयों की सीटों में कटौती एवं विषयों में लगातार शुल्क वृद्धि, छात्रावास शुल्क वृद्धि, परिसर में पेयजल की समुचित व्यवस्था का अभाव आदि दुर्भाग्यपूर्ण

प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने विश्वविद्यालय प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करते हुए उनके समयबद्ध एवं स्थायी समाधान की मांग की है। विद्यार्थी परिषद का कहना है कि देश के प्रतिष्ठित केंद्रीय विश्वविद्यालयों में शामिल इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

अभाविप ने कहा कि विश्वविद्यालय के विभिन्न विषयों में सीटों में लगातार कटौती किया जाना विद्यार्थियों के हित में नहीं है। इसके साथ ही विभिन्न पाठ्यक्रमों एवं विषयों में लगातार शुल्क वृद्धि से विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है।

विश्वविद्यालय प्रशासन को शुल्क वृद्धि के निर्णयों पर पुनर्विचार करते हुए छात्रहित को प्राथमिकता देनी चाहिए।

विद्यार्थी परिषद ने छात्रावास शुल्क में वृद्धि पर भी चिंता व्यक्त की। पेयजल की समुचित व्यवस्था न होने को गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को परिसर के सभी प्रमुख स्थानों पर नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।

इसी प्रकार विश्वविद्यालय पुस्तकालय के सुचारू संचालन एवं आवश्यक पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग करते हुए अभाविप ने कहा कि पुस्तकालय विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र है। विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई एवं शोध के लिए आवश्यक पुस्तकों और अध्ययन संसाधनों के लिए परेशान न होना पड़े, इसके लिए पुस्तकालय में पर्याप्त एवं नवीन पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा संचालन व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए।

इकाई अध्यक्ष हिमांशु पांडेय ने कहा कि सीटों में कटौती, शुल्क वृद्धि, छात्रावास शुल्क, पेयजल, पुस्तकालय एवं कैंटीन में बिक रहे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच कर विद्यार्थियों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जाएं तथा विश्वविद्यालय में छात्रसंघ की बहाली की दिशा में भी विश्वविद्यालय प्रशासन आवश्यक पहल करे, ताकि विद्यार्थियों की समस्याओं को लोकतांत्रिक एवं प्रभावी ढंग से विश्ववि

द्यालय प्रशासन के समक्ष रखने के लिए छात्रों को उचित प्रतिनिधित्व मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *