भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आमने-सामने
जौनपुर। जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन के घेराव को लेकर सोमवार को भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति के नेतृत्व में महिला पदाधिकारियों की टीम कांग्रेस कार्यालय पहुंची तो वहां मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी राकेश मिश्रा के नेतृत्व में नारेबाजी की। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ नारे लगाए जाने से माहौल गरमा गया। स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल ने मोर्चा संभाला और हालात को नियंत्रण में रखा।इस दौरान कांग्रेस नेता राकेश मिश्रा ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा वोट चोरी करने वाली सरकार है और बलात्कार के आरोपों का सामना करने वाले लोगों तथा भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देती है। उन्होंने मणिपुर में महिलाओं के साथ हुई हिंसा और पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के मामले का उल्लेख करते हुए भाजपा पर महिलाओं के सम्मान की अनदेखी करने का आरोप लगाया। मिश्रा ने कहा कि इन घटनाओं से देश की गौरवशाली छवि को ठेस पहुंची है।

