भिवंडी में चिकन पिज्जा खाने से 14 लोग बीमार, फूड प्वाइजनिंग की आशंका
स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की जांच, खाद्य पदार्थों के नमूने लैब भेजे गए; सभी मरीजों की हालत स्थिर
ब्यूरो रिपोर्ट: धनन्जय विश्वकर्मा, मुंबई ब्यूरो चीफ
दैनिक देश की उपासना समाचार पत्र
भिवंडी, महाराष्ट्र। भिवंडी शहर में कथित रूप से चिकन पिज्जा खाने के बाद 14 लोगों के बीमार होने का मामला सामने आया है। सभी प्रभावित लोगों को उल्टी, पेट दर्द और दस्त की शिकायत होने पर तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी पीड़ितों ने एक स्थानीय फूड आउटलेट से चिकन पिज्जा मंगवाकर उसका सेवन किया था। भोजन करने के कुछ घंटों बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने संबंधित प्रतिष्ठान से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई जा रही है, हालांकि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशासन ने नागरिकों से बाहर का भोजन करते समय सावधानी बरतने तथा किसी भी संदिग्ध खाद्य पदार्थ की शिकायत तुरंत संबंधित विभाग को देने की अपील की है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की आव
श्यक कार्रवाई की जाएगी।

