महिगवां में अवैध शराब बेचते व्यक्ति गिरफ्तार, 24 पाउच और 230 रुपये बरामद
लखनऊ ( आरएनएस )। महिगवां थाना पुलिस ने गुरुवार को गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर नहर की पटरी के पास अवैध रूप से देशी शराब बेच रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान शिव कुमार (50) निवासी रमपुरवा, ग्राम पंचायत कुम्हरावां, थाना महिगवां के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक कन्हईपुर शराब ठेके से पलाखर गांव की ओर जाने वाली नहर की पटरी के पास शिव कुमार देशी शराब बेच रहा था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से विंडीज ब्रांड की 24 पाउच देशी शराब बरामद हुई। इनमें 200 मिलीलीटर के 12 और 100 मिलीलीटर के 12 पाउच शामिल हैं। बरामद शराब की कुल मात्रा 3,600 मिलीलीटर बताई गई है। इसके अलावा शराब की बिक्री से प्राप्त 230 रुपये भी बरामद हुए।पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार व्यक्ति बरामद शराब के संबंध में कोई वैध अधिकार पत्र या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने शराब ठेकों से शराब खरीदकर ठेका बंद होने के समय अधिक कीमत पर बेचने की बात बताई। मामले में थाना महिगवां में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा संख्या 157/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य थानों से जुटा रही है।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष राधेश्याम मौर्य, उपनिरीक्षक सतीश सिंह, कांस्टेबल अश्वनी राठौर और कांस्टेबल संजय कुमार गौतम शामिल रहे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के दौरान सर्वोच्च न्यायालय और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया तथा मौके पर ही गिरफ्तारी मेमो तैयार किया गया।

