मां दुर्गा के दरबार में शीश नवाकर राजीव तिवारी ने मांगा आशीर्वाद, 2027 के लिए जनता से किया संवाद
-रुदौली विधानसभा के दर्जनों दुर्गा पूजा पंडालों और रामलीला स्थलों पर पहुंचे, भैरवधाम में रामदरबार की आरती में हुए शामिल
रुदौली-अयोध्या। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर दुर्गा पूजा पंडालों और रामलीला स्थलों पर धार्मिक आयोजनों की धूम है। इसी क्रम में जिला उपाध्यक्ष एवं मवई ब्लॉक प्रमुख प्रशासक राजीव तिवारी ने शनिवार को रुदौली विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन किए। उन्होंने पूजा पंडालों में मत्था टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। भैरवधाम में आयोजित रामलीला के दौरान रामदरबार की आरती में भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए जनआशीर्वाद एवं सहयोग की अपेक्षा जताई। राजीव तिवारी अपने समर्थकों के साथ श्री चंद्रदेव आदर्श रामलीला समिति, भैरवधाम रुदौली और ख्वाजाहाल रामलीला समिति सहित बाबा बाजार,उमापुर,रतनपुर और मखदूमपुर के दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचे। विभिन्न स्थानों पर आयोजित जगरातों और धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर उन्होंने पूजा-अर्चना की तथा श्रद्धालुओं को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं। पूजा समितियों के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनका स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने आयोजकों से मुलाकात कर धार्मिक आयोजनों के महत्व पर चर्चा की और भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को संरक्षित रखने में उनके योगदान की सराहना की। भैरवधाम में आयोजित रामलीला कार्यक्रम के दौरान राजीव तिवारी रामदरबार की आरती में शामिल हुए। इस अवसर पर धार्मिक वातावरण के बीच श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में अयोध्या बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कालिका प्रसाद मिश्र और राजीव तिवारी को समिति के सदस्यों ने सम्मानित किया। रामलीला में भगवान श्रीराम के आदर्शों और मर्यादा के संदेश को आत्मसात करने की प्रेरणा भी देखने को मिली। राजीव तिवारी ने कहा कि दुर्गा पूजा और रामलीला भारतीय संस्कृति,आस्था और परंपरा के महत्वपूर्ण प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन समाज में आपसी सद्भाव,भाईचारे और एकता की भावना को मजबूत करते हैं। धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और भगवान श्रीराम के आदर्शों से परिचित होने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की आराधना शक्ति,साहस और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देती है। ऐसे पावन अवसरों पर मां के चरणों में शीश नवाकर क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और सर्वांगीण विकास की कामना करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने धार्मिक आयोजनों के सफल संचालन में जुटे आयोजकों और स्थानीय लोगों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनता का स्नेह,विश्वास और आशीर्वाद किसी भी जनसेवक की सबसे बड़ी ताकत है। क्षेत्र के लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं,अपेक्षाओं और भावनाओं को समझना तथा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से निरंतर संवाद बनाए रखने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहने की बात कही। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर रुदौली क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक आयोजनों में राजीव तिवारी की सहभागिता को जनसंपर्क के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पूजा समितियों के पदाधिकारियों,आयोजकों और श्रद्धालुओं से मुलाकात के दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों से स्नेह,आशीर्वाद और सहयोग की अपेक्षा जताई। विभिन्न गांवों और कस्बों में पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद स्थापित करने के साथ उन्होंने धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति अपनी आस्था भी प्रकट की। इस दौरान जितेंद्र शुक्ल,देवेंद्र शुक्ला,अनिल मिश्रा,रामआसरे,दीपक शुक्ला,राजू गुप्ता, राजेश शर्मा,यतीन्द्र पांडेय,नवदीप तिवारी,गुड्डू मिश्रा,कुलश्रेष्ठ तिवारी और अर्पित मिश्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

