माननीय मंत्री ने उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का किया शुभारंभ
देश की उपासना संवाददाता प्रवीण अस्थाना
*जौनपुर* । उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर में दिनांक 12 जुलाई 2026 को “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में माननीय श्री गिरीश चन्द्र यादव, खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), उत्तर प्रदेश ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने महाविद्यालय परिसर के चिकित्सक, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में माननीय मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक नागरिक को अपनी माँ के नाम कम से कम एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने सभी ग्राम सभाओं, शैक्षणिक संस्थानों, कार्यालयों एवं सामाजिक संस्थाओं से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए इसे जन-आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्य प्रो. आर. बी. कमल ने
माननीय श्री गिरीश चन्द्र यादव, खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), उत्तर प्रदेश का स्वागत करते हुए कहा कि उनका संस्थान में आगमन समस्त चिकित्सकों, विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायी एवं गौरव का विषय है। उन्होंने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी पहल बताते हुए कहा कि यह अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति के प्रति उत्तरदायित्व एवं भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित पर्यावरण के निर्माण का सशक्त संदेश भी देता है।
उन्होंने कहा कि उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर को हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल परिसर के रूप में विकसित करना संस्थान की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि परिसर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण के साथ-साथ प्रत्येक पौधे के संरक्षण, संवर्धन एवं नियमित देखभाल की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आने वाले वर्षों में महाविद्यालय एक आदर्श हरित एवं पर्यावरण-संतुलित चिकित्सा संस्थान के रूप में स्थापित हो सके।
ने बताया कि
महाविद्यालय प्रशासन ने 1000 से अधिक पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।
इस अवसर पर माननीय मंत्री जी के साथ आए गणमान्य अतिथि, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, कृत वृक्षारोपण नोडल, महाविद्यालय के चिकित्सा शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं सभी ने एक पेड़ मां के नाम लगाकर कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।

