*मेडिकल कालेज जौनपुर में एम0बी0बी0एस0 बैच 2026 के छात्रों का ‘‘व्हाइट कोट सेरेमनी’’ का आयोजन किया गया
संवाददाता प्रवीण कुमार अस्थाना
*जौनपुर:* उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर के *प्रधानाचार्य प्रो0 आर0बी0 कमल के दिशा निर्देश में प्रो0 साधना अजय, द्वारा नवप्रवेशित विद्यार्थियों की ‘‘व्हाइट कोट सेरेमनी’’* का सफल आयोजन आज बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में शैक्षणिक भवन के लेक्चर थिएटर में किया गया। समारोह का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को चिकित्सा पेशे की मर्यादा, अनुशासन एवं सेवा भावना से परिचित कराना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि ‘‘व्हाइट कोट पहनना केवल सम्मान नहीं बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। चिकित्सा शिक्षा का यह दिवस विद्यार्थियों के जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है, जो उन्हें समाज सेवा के मार्ग पर अग्रसर करता है। ’’सफेद कोट केवल एक परिधान नहीं, बल्कि यह दया, संवेदना और मानवता की सेवा का प्रतीक है। चिकित्सक को सदैव अपने कर्तव्य को सर्वोच्च स्थान देना चाहिए।’’ जब आप यह कोट पहनते हैं, तो यह समाज के प्रति आपकी निष्ठा और रोगियों के प्रति आपकी संवेदनशीलता की प्रतिज्ञा है। चिकित्सा पेशा केवल ज्ञान अर्जित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन को स्पर्श करने की कला है-जहाँ हर निर्णय, हर मुस्कान और हर शब्द किसी के जीवन में आशा की किरण बन सकता है। मैं आप सभी को यह संदेश देना चाहता हूँ कि अपने जीवन में ईमानदारी, अनुशासन और करूणा को सदैव सर्वोच्च स्थान दें। याद रखिए, एक चिकित्सक का सबसे बड़ा पुरस्कार उसके मरीज की मुस्कान होती है। अपने माता-पिता, शिक्षकों और समाज के प्रति कृतज्ञ रहें, क्योंकि उनकी प्रेरणा और आशीर्वाद ही आपकी सफलता का आधार है। आप सभी को इस नए सफर के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ- आपका यह ‘‘सफेद कोट’’ सदैव पवित्रता, सेवा और समर्पण का प्रतीक बना रहे।’’ प्रधानाचार्य द्वारा नवप्रवेशित छात्रों को चरक शपथ दिलाई गयी।
कार्यक्रम का संचालन डा0 सोबिया खान पी0जी0 जूनियर रेजिडेंट एवं डा0 साधना जूनियर रेजिडेंट , बायोकेमिस्ट्री द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के अंत में बायोकैमिस्ट्री विभाग की आचार्य प्रोफेसर साधना अजय द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने व्हाइट कोट समारोह के महत्व पर संक्षिप्त प्रकाश डालते हुए नवप्रवेशित एमबीबीएस विद्यार्थियों को चिकित्सा व्यवसाय की गरिमा एवं नैतिक मूल्यों एवं रोगी सेवा के प्रति समर्पण भाव से अवगत कराया तथा कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं चिकित्सा शिक्षकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर चीफ प्राॅक्टर प्रो0 रूचिरा सेठी, डीन एकेडमिक, प्रो0 तबस्सुम यासमिन तथा चिकित्सा शिक्षक- प्रो0 भारती यादव, प्रो0 साधना अजय, डा0 विनोद कुमार, डा0 अनुज सिंह, डा0 मुदित चौहान, डा0 आदर्श कुमार यादव, डा0 नवीन सिंह, डा0 विनोद वर्मा, डा0 चन्द्रभान, डा0 पूजा पाठक, डा0 प्रतिभा सिंह, डा0 संजीव यादव, डा0 अवधेश कुमार गुप्ता, डा0 दीपिका शाव, डा0 अरविन्द कुमार यादव, डा0 पंकज कुमार, डा0 अर्चना चौधरी, डा0 प्रियंका सिंह, डा0 फरहत फातिमा, डा0 मतीन अहमद, डा0 मो0 सैयद उस्मान, डा0 प्रिति कुमारी, डा0 रितिका सिंह, डा0 रेफत जहान एवं नवप्रवेशित छात्र/छात्राएं व कर्मचारी उपस्थित रहें।

