रक्षाबंधन के बहाने प्रमोद सिंह ने दिखाई अपनी ताकत
-हिंदू-मुस्लिम बहनों ने बांधी राखी, भाईचारे व सामाजिक सद्भाव का दिया संदेश
अयोध्या। गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र के टिकरी आगागंज बाजार स्थित राजू इंटर कॉलेज में रविवार को विशाल रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया। समाजसेवी एवं अपना दल (एस) नेता प्रमोद सिंह की पहल पर आयोजित कार्यक्रम में सुबह आठ बजे से ही बहनों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। शाम चार बजे तक राखी बांधने वाली बहनों की संख्या 10 हजार का आंकड़ा पार कर गई। आयोजन में हिंदू और मुस्लिम समाज की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बहनों ने प्रमोद सिंह की कलाई पर राखी बांधकर भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और आपसी एकता का संदेश दिया। बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी से कार्यक्रम स्थल पर नारी शक्ति का विहंगम दृश्य देखने को मिला। विभिन्न समुदायों की महिलाओं की सहभागिता ने आयोजन को सामाजिक समरसता का मंच बना दिया। प्रमोद सिंह इससे पहले भी बड़े सामाजिक आयोजनों के माध्यम से क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुके हैं। उनके नेतृत्व में आयोजित विशाल नारी शक्ति सम्मेलन में दुरदुरिया पूजन हुआ था, जिसमें करीब 50 हजार महिलाओं ने सहभागिता की थी। अब रक्षाबंधन पर हजारों बहनों को एक मंच पर जुटाकर उन्होंने एक और बड़ा आयोजन किया। प्रमोद सिंह लंबे समय से गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र में सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों में सक्रिय हैं। उनके नेतृत्व में विशाल रक्तदान शिविर, पौधारोपण अभियान, कंबल वितरण, विराट अंतरराष्ट्रीय दंगल, भारत आल्हा महोत्सव, महाकाल तीर्थ यात्रा और विशाल खेल महोत्सव समेत कई कार्यक्रम आयोजित हो चुके हैं। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की भागीदारी रही है। प्रमोद सिंह किसी संवैधानिक या सरकारी पद पर न रहते हुए भी क्षेत्र में सामाजिक गतिविधियों और जनसेवा के कार्यों में सक्रिय रहते हैं। रक्षाबंधन कार्यक्रम में हिंदू-मुस्लिम बहनों की एक साथ भागीदारी को सामाजिक एकता और सौहार्द की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा गया। आयोजन के दौरान बहनों ने रक्षा सूत्र बांधकर आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया।

