राज कुमार इंटर कॉलेज, आलमनगर में हर्षोल्लास से मनाया गया ग्रैंडपेरेंट्स डे
ब्यूरो चीफ आर एल पाण्डेय
लखनऊ।राज कुमार इंटर कॉलेज, आलमनगर के प्रांगण में ग्रैंडपेरेंट्स डे बड़े ही उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक राजा पंडित राज कुमार बक्शी जी एवं माताजी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया, जो राज कुमार इंटर कॉलेज,के मूल्यों और परंपराओं का प्रतीक है।
कार्यक्रम में नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने ऊर्जावान नृत्य प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। कक्षा 1 और 2 के विद्यार्थियों ने मूल्य-आधारित शिक्षाप्रद नाटक (स्किट) प्रस्तुत किया, वहीं कक्षा 4 और 5 के बच्चों ने भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों पर आधारित स्किट से सभी को भावविभोर कर दिया। छोटे बच्चों ने विचारपूर्ण और प्रभावशाली भाषण भी दिए।
इस अवसर पर दादा-दादी और नाना-नानी के लिए मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया गया, जिसमें नर्सरी से कक्षा 5 तक के बच्चों के ग्रैंडपेरेंट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया, अपने विचार और अनुभव साझा किए तथा सभी बच्चों को अपने आशीर्वचनों से अभिसिंचित किया।
विद्यालय के उपाध्यक्ष राघव रतन बक्शी ने सभी अतिथियों को सम्मानित किया और विजेता अभिभावकों को पुरस्कृत किया।
अंत में प्रधानाचार्या ने सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया, अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राज कुमार इंटर कॉलेज सदैव ऐसे आयोजनों को बढ़ावा देता है जहाँ माता-पिता और दादा-दादी मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित होते हैं, जिससे अभिभावकों और विद्यालय के बीच एक मजबूत और सार्थक बंधन स्थापित होता है।
कार्यक्रम का समापन प्रेम, सम्मान और पारिवारिक एकता के संदेश के साथ हुआ।

