(रामानुजगंज) पेनाल्टी शूटआउट में एफसी क्लब बलरामपुर ने मारी बाजी

 

(रामानुजगंज) पेनाल्टी शूटआउट में एफसी क्लब बलरामपुर ने मारी बाजी

रामानुजगंज, 15 अक्टूबर (आरएनएस)। ग्राम धनगांव स्थित जय मां काली स्टेडियम में आयोजित स्वामी विवेकानंद स्मृति फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन 14 अक्टूबर को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। खिताबी मुकाबले में एफसी क्लब बलरामपुर ने मेजबान धनगांव की टीम को पेनाल्टी शूटआउट में 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट से मैच का फैसला हुआ। 6 अक्टूबर से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया।

फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। जीत के लिए खिलाड़ियों ने पूरा दमखम लगाया और कई अच्छे मौके बनाए, लेकिन गोल करने में सफलता नहीं मिली। 35-35 मिनट के दोनों हाफ में मुकाबला गोलरहित रहा। इसके बाद पहले पांच-पांच पेनाल्टी के प्रयास कराए गए। इनमें भी फैसला नहीं होने पर दोबारा तीन-तीन पेनाल्टी शूटआउट कराया गया। इस रोमांचक मुकाबले में एफसी क्लब बलरामपुर ने 1-0 से जीत दर्ज की। मैच के दौरान स्टेडियम में मौजूद दर्शक लगातार खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते रहे।

० मुख्य अतिथि रमन अग्रवाल ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

कार्यक्रम में रामानुजगंज नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और मैदान में मौजूद दर्शकों से मुलाकात की। फाइनल मुकाबला देखने के लिए हजारों की संख्या में खेल प्रेमी जय मां काली स्टेडियम पहुंचे। आयोजन समिति ने महिलाओं के लिए अलग पंडाल की व्यवस्था की थी, जहां सैकड़ों महिलाओं और बच्चों ने भी मैच का आनंद लिया।

० निर्णायकों और कमेंटेटरों की रही अहम भूमिका

टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले का संचालन शेखर प्रधान ने किया था। वहीं फाइनल मैच में विश्रामपुर के प्राचार्य मोहरलाल कुजूर, शारीरिक शिक्षक नोबोर केरकेट्टा तथा लाइनमैन दिलीप और प्रमथ सरकार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरे मुकाबले के दौरान दिवाकर मुखर्जी और मंगल विश्वास ने रोचक कमेंट्री कर दर्शकों का उत्साह बनाए रखा।

० समिति और स्थानीय युवाओं के प्रयासों से सफल आयोजन

स्वामी विवेकानंद स्मृति फुटबॉल टूर्नामेंट के सफल आयोजन में समिति के सदस्यों और स्थानीय युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन को व्यवस्थित बनाने में संजू सरकार, चितरंजन विश्वास, अभय मृधा, जयंत हालदार, शिवा सरकार और अंकित मंडल सहित अन्य युवाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस प्रतियोगिता ने ग्रामीण क्षेत्र में फुटबॉल के प्रति युवाओं के उत्साह को बढ़ाने के साथ स्थानीय खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर प्रदान किया। बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी और रोमांचक फाइनल मुकाबले ने आयोजन को यादगार बना दिया।

बंछोर

000

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *