राम मंदिर दान गबन मामले में पुलिस ने किया नामजद आठों आरोपियों को कोर्ट में पेश
14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए
अयोध्या।राम मंदिर मे दान गबन मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है।शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच थाना राम जन्मभूमि मे दर्ज मुकदमे में नामजद आठों आरोपियों को स्पेशल रिमांड मजिस्ट्रेट निवेदिता सिंह की अदालत में पेश किया गया।जहाँ से अदालत ने सभी आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को आरोपियों की रिमांड नहीं ली है।बताया जा रहा है कि मोहर्रम अवकाश के चलते पेशी स्पेशल रिमांड मजिस्ट्रेट कोर्ट में कराई गई।अब सोमवार को इन सभी आठों आरोपियों की दोबारा पेशी होगी, जहां पुलिस उनसे पूछताछ के लिए पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) की मांग कर सकती है।पुलिस की माने तो अब तक आरोपियों के पास से 79 लाख 85 हजार रुपये की बरामदगी की जा चुकी है। मामले की जांच और पूछताछ जारी है।जिन आरोपियों पर मुकदमा दर्ज हुआ उनमें टिन्नू,लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा, मनीष यादव, अविनाश शुक्ला,करुणेश पांडेय, सुभाष चंद्र श्रीवास्तव और रमाशंकर मिश्रा शामिल हैं। कुछ लोगों का मानना है कि अनुकल्प लवकुश का जीजा है।ये दोनों अनिल मिश्रा के रिश्तेदार हैं।वहीं, मनीष टिन्नू यादव का भतीजा है।

