रेठ नदी में पितरों को दी जलांजलि, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
सेवादार मंडल चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में हुआ सामूहिक पितृ तर्पण, आस्था और एकजुटता का दिखा संगम
बाराबंकी। सर्वपितृ अमावस्या पर शनिवार को आलापुर स्थित रेठ नदी के तट पर पितृ तर्पण के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सैकड़ों लोगों ने नदी के पवित्र जल में अपने पितरों को सामूहिक जलांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। सेवादार मंडल चौरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में आस्था, परंपरा और सामाजिक एकजुटता का अनूठा संगम देखने को मिला। नगर पुरोहित पंडित अरविन्द कुमार मिश्र के सानिध्य में पितृ तर्पण का अनुष्ठान संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि हिंदू धर्म में सर्वपितृ अमावस्या को पितरों के श्राद्ध और तर्पण के लिए विशेष महत्व दिया गया है। इस दिन श्रद्धापूर्वक जलांजलि अर्पित कर पूर्वजों का स्मरण किया जाता है और परिवार की सुख-समृद्धि वं शांति की कामना की जाती है। शनिवार को शाम पांच बजे से ही रेठ नदी के तट पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। लोगों ने धार्मिक विधि-विधान के साथ पितरों का स्मरण कर तर्पण किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। कार्यक्रम संयोजक साकेत संत मौर्य ने कहा कि पितृ तर्पण हमारी सांस्कृतिक परंपरा और पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। ट्रस्ट का प्रयास धार्मिक आयोजनों के माध्यम से सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव को मजबूत करना है। ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के साथ सामाजिक समरसता का भी संदेश देता नजर आया। तर्पण में अमीर-गरीब और जाति-संप्रदाय के भेद से परे लोगों की सहभागिता ने आपसी सद्भाव और सामूहिक आस्था की तस्वीर पेश की। आयोजन ने पूर्वजों के प्रति सम्मान की परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ समाज को एकजुट रहने का संदेश भी दिया। इस मौके पर राजनाथ शर्मा, अजय सिंह ‘गुरूजी’, पं चंदन मिश्र, पाटेश्वरी प्रसाद, पं. राजेश जोशी, नवीन सेठ, शिवशंकर शुक्ला, धनंजय शर्मा, राजेश गोस्वामी, पं शुभम महाराज, पंकज गुप्ता, सभासद शिवा शर्मा, श्रीनिवास त्रिपाठी, सुशील मिश्रा, राना सिंह, मनीष खेतान, सभासद प्रदीप मौर्या, सुमन श्रीवास्तव, दिव्यांशु मौर्य सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

