लेखपाल से गाली-गलौज और सरकारी अभिलेख छीनने का आरोप, धमकी देने की शिकायत

लेखपाल से गाली-गलौज और सरकारी अभिलेख छीनने का आरोप, धमकी देने की शिकायत
आजमगढ़ 7 अक्टूबर (आर एन एस)तहसील फूलपुर क्षेत्र के सुल्तानपुर लेखपाल मंडल में तैनात लेखपाल धर्मेन्द्र कुमार गौतम ने सरकारी कार्य के दौरान कथित रूप से गाली-गलौज, सरकारी अभिलेख छीनने, धमकी देने और मारपीट का प्रयास किए जाने की शिकायत उपजिलाधिकारी फूलपुर से की है।शिकायत के अनुसार, लेखपाल धर्मेन्द्र कुमार गौतम 4 अक्टूबर 2026 को आईजीआरएस संख्या 92619100052189 के निस्तारण के लिए ग्राम सुल्तानपुर में स्थलीय एवं अभिलेखीय जांच करने पहुंचे थे। आरोप है कि जांच के दौरान गाटा संख्या 408/0.081 हेक्टेयर, जो घेरा (जंगल) खाता की भूमि बताई गई है, वहां गिरे हुए नीम और महुआ के पेड़ों की लकड़ी को सूर्यभान पुत्र बाबूलाल तथा परमीला पत्नी सूर्यभान द्वारा काटकर ले जाया जा रहा था। लेखपाल के अनुसार उन्होंने मौके पर पहुंचकर लकड़ी ले जाने से रोक दिया।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसके बाद सूर्यभान द्वारा आबादी की भूमि से संबंधित गाटा संख्या 398/0.040 हेक्टेयर का सीमांकन तत्काल कराने का दबाव बनाया गया। लेखपाल ने आरोप लगाया कि वैधानिक प्रक्रिया के तहत सीमांकन कराने की बात बताने पर संबंधित लोग आक्रोशित हो गए।आरोप है कि इसी दौरान सूर्यभान, परमीला, अर्पित पुत्र सूर्यभान और मनोज यादव पुत्र स्व. हरिराम ने लेखपाल के हाथ से सरकारी अभिलेख, जिसमें नक्शा, प्रार्थना पत्र एवं अन्य कागजात शामिल थे, छीन लिए तथा उनके साथ गाली-गलौज की। शिकायतकर्ता के मुताबिक उन्हें दोबारा मौके पर दिखाई देने पर हाथ-पैर तोड़ने की धमकी भी दी गई। आरोप है कि बाद में उक्त लोगों ने मारपीट की धमकी देते हुए लेखपाल को वहां से दौड़ा लिया।लेखपाल ने मामले की शिकायत उपजिलाधिकारी फूलपुर से करते हुए संबंधित लोगों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *