वसई पूर्व में राम सेना की बैठक, संस्कृति और पारिवारिक संस्कारों के संरक्षण पर मंथन
देश की उपासना समाचार पत्र।
मुंबई ब्यूरो चीफ़ धनन्जय विश्वकर्मा।।
मुंबई/वसई। वसई-विरार महानगरपालिका क्षेत्र के बालिवफाटा के समीप स्थित लक्ष्मी इंडस्ट्रियल स्टेट में राम सेना संस्था की बैठक का आयोजन किया गया। भगवान शिव के मंदिर प्रांगण में आयोजित इस बैठक का शुभारंभ संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता सुनील सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। बैठक में हिंदू संस्कृति, धार्मिक परंपराओं, पारिवारिक संस्कारों और सामाजिक एकता को मजबूत करने पर चर्चा की गई।
सभा को संबोधित करते हुए अधिवक्ता सुनील सिंह ने कहा कि हिंदू संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण करना हम सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को बचपन से ही नैतिक मूल्यों, धार्मिक ग्रंथों और भारतीय संस्कृति की जानकारी देना आवश्यक है। भगवान श्रीराम के आदर्शों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उनके जीवन से मर्यादा, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और सदाचार की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने लोगों से अपने धार्मिक ग्रंथों और पुराणों का अध्ययन करने तथा उनसे मिलने वाली शिक्षाओं को समाज के बीच साझा करने का आह्वान किया।
परिवार और सामाजिक एकता पर दिया जोर
वसई शहर अध्यक्ष राजेश सोनी ने अपने संबोधन में कहा कि राम सेना का उद्देश्य लोगों को एकजुट करना, भगवान श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेना तथा आपसी सम्मान और सहयोग की भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों की सहायता कर उन्हें भी संगठन से जोड़ने का प्रयास किया जाना चाहिए, ताकि समाज में एकता और सहयोग की भावना मजबूत हो सके।
राजेश सोनी ने बदलते डिजिटल दौर में बच्चों और परिवार के बीच संवाद कम होने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बच्चों को मोबाइल और डिजिटल माध्यमों के साथ-साथ परिवार के बुजुर्गों का सम्मान करने, माता-पिता की सेवा करने और पारिवारिक जिम्मेदारियों को समझने की सीख भी दी जानी चाहिए। उन्होंने भारतीय संस्कृति में परिवार, संस्कार और बड़ों के सम्मान के महत्व को रेखांकित किया।
महिलाओं की रही सक्रिय भागीदारी
बैठक में महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान राम सेना के पदाधिकारियों ने एक-दूसरे का सम्मान किया और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उपस्थित महिलाओं एवं सदस्यों ने आपसी संवाद के माध्यम से संगठन को मजबूत बनाने और एकजुट होकर सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में राम सेना के संस्थापक अधिवक्ता सुनील सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलाम सिंह, इन्द्रेश यादव, वसई शहर अध्यक्ष राजेश सोनी, उपाध्यक्ष सुनील शर्मा, किशोर भोईर, दिलीप विश्वकर्मा, चंद्रेश मौर्य सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, पारिवारिक संस्कारों को प्रोत्साहित करना तथा समाज के लोगों के बीच आपसी सहयोग और संगठन की भावना को मजबूत करना रहा।

