वैज्ञानिक राजभाषा संगोष्ठी में विद्यार्थियों की सहभागिता
लखनऊ डेस्क (आर एल पाण्डेय)। गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी एंड साइंसेज़, लखनऊ के छात्र-छात्राओं ने 5 अगस्त 2026 को सीएसआईआर–केंद्रीय औषधि अनुसंधान संस्थान (सीडीआरआई), लखनऊ द्वारा आयोजित वैज्ञानिक राजभाषा संगोष्ठी–2026 में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। “वैश्विक परिदृश्य में औषधि अनुसंधान एवं विकास” विषय पर आयोजित इस संगोष्ठी में विद्यार्थियों ने औषधि अनुसंधान एवं विकास, वैज्ञानिक नवाचार तथा हिंदी में वैज्ञानिक अभिव्यक्ति के विविध आयामों की जानकारी प्राप्त की। विशेषज्ञों के प्रेरणादायी व्याख्यानों ने विद्यार्थियों के ज्ञान, शोध दृष्टिकोण एवं वैज्ञानिक सोच को नई दिशा प्रदान की।
संस्थान के चेयरमैन महेश गोयल ने विद्यार्थियों की इस सहभागिता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक एवं अनुसंधानपरक कार्यक्रम विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल एवं शोध क्षमता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संस्थान के निदेशक डॉ. ओ. पी. वर्मा ने कहा कि गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी एंड साइंसेज़ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक एवं शोध कार्यक्रमों में सहभागिता के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

