शिक्षक-स्नातक विधान परिषद चुनाव की तैयारियों को भाजपा ने दिया अंतिम रूप

शिक्षक-स्नातक विधान परिषद चुनाव की तैयारियों को भाजपा ने दिया अंतिम रूप

लखनऊ, (आरएनएस ) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने शनिवार को राजधानी में अवध क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारियों और प्रमुख नेताओं के साथ शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव की तैयारियों को लेकर बैठक की। बैठक में चुनाव प्रबंधन, मतदाता संपर्क, बूथ एवं मतदान केंद्र स्तर की तैयारियों और मतदान प्रतिशत बढ़ाने से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।पंकज चौधरी ने कहा कि शिक्षक और स्नातक विधान परिषद चुनाव के माध्यम से पार्टी का शिक्षित, बुद्धिजीवी और स्नातक मतदाताओं के साथ संपर्क एवं संवाद आगे बढ़ाने का अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटने को कहा। उन्होंने बताया कि नामांकन से एक दिन पहले तक मतदाता फार्म जमा किए जा सकते हैं और कार्यकर्ताओं के पास उपलब्ध भरे हुए फार्म तत्काल जमा कराए जाएं। उन्होंने प्रत्येक मतदाता तक व्यक्तिगत संपर्क और संवाद स्थापित करने तथा मतदान के दिन मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षक एवं स्नातक चुनाव में भी पन्ना प्रमुख व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। प्रत्येक पन्ने के मतदाताओं को चिह्नित कर उनसे नियमित संपर्क किया जाए और मतदान के दिन आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों के साथ बैठकें करने तथा विधानसभा स्तर पर शिक्षक एवं स्नातक सम्मेलन शुरू करने के निर्देश दिए। जनसंपर्क के दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों से संबंधित सामग्री मतदाताओं तक पहुंचाने के साथ बैलेट पेपर पर मतदान की प्रक्रिया की जानकारी देने को भी कहा, ताकि प्रक्रिया संबंधी त्रुटि के कारण मत निरस्त न हो।पंकज चौधरी ने प्रत्येक जिले में चुनाव कार्यालय स्थापित करने और कॉल सेंटर सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने नामांकन के दिन प्रत्याशी के साथ संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा मतदान के दिन मतदाताओं के लिए सहायता केंद्र, जलपान और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं करने को कहा। उन्होंने शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के दृष्टिकोण से भी संगठनात्मक अभ्यास बताया और बूथ स्तर पर चुनाव प्रबंधन मजबूत करने पर जोर दिया।प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव के लिए भी व्यापक संगठनात्मक तैयारियों के साथ कार्य करेगी। उन्होंने मतदाताओं से सीधे संपर्क और संवाद को अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव क्षेत्र व्यापक है और समय सीमित है, इसलिए प्रत्येक जिले, विधानसभा, मतदान केंद्र और मतदेय स्थल के स्तर पर जिम्मेदारियां स्पष्ट करते हुए नियमित समीक्षा की जानी चाहिए।धर्मपाल सिंह ने कहा कि मतदाता सूची चुनावी तैयारी का आधार है। प्रत्येक पन्ने की समीक्षा कर उसमें शामिल मतदाताओं से संपर्क की योजना बनाई जाए। पन्ना प्रमुखों को अपने क्षेत्र के मतदाताओं से संपर्क, संवाद और मतदान संबंधी आवश्यक समन्वय की जिम्मेदारी दी जाए। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, मोर्चों और कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। अंतिम मतदाता सूचियां संबंधित कार्यकर्ताओं और मतदान केंद्रों तक समय से पहुंचाने तथा क्षेत्रवार और पन्नावार संपर्क योजना बनाकर प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करने पर भी जोर दिया गया।प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल ने कहा कि नामांकन से लेकर मतदान तक चुनाव से संबंधित सभी व्यवस्थाओं पर समय रहते ध्यान देना जरूरी है, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रदेश महामंत्री एवं चुनाव प्रभारी संजय राय ने बैठक में चुनावी तैयारियों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने क्षेत्रवार मतदाता संख्या, मतदाता फार्म, संपर्क अभियान, मतदान केंद्रों की स्थिति, पन्ना प्रमुख व्यवस्था और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने कहा कि क्षेत्र के सभी जिलों में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मतदाता संपर्क अभियान को व्यापक बनाएंगे। प्रत्येक विधानसभा में शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और मतदान केंद्र स्तर पर टीमों को सक्रिय किया जाएगा। उन्होंने व्यक्तिगत संपर्क को चुनावी अभियान का प्रमुख आधार बनाने तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और पार्टी के जनसेवा कार्यों की जानकारी मतदाताओं तक पहुंचाने की बात कही।बैठक का संचालन अवध क्षेत्र के महामंत्री राजीव मिश्रा ने किया। इसमें अवध क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और शिक्षक-स्नातक विधान परिषद चुनाव से जुड़े प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे।

———–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *